बलिया : सतीश चंद्र कॉलेज में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर जागरूकता सप्ताह सम्पन्न


बलिया: सतीश चंद्र कॉलेज, बलिया के महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ द्वारा ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक सप्ताह तक विविध कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण, समान अधिकार और शिक्षा के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने के लिए छात्राओं, शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।


कार्यक्रम की शुरुआत एक भव्य पदयात्रा से हुई, जिसमें कॉलेज की छात्राओं और शिक्षिकाओं ने “बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ”, “नारी शक्ति - देश की शक्ति” और “समान अधिकार, समान भागीदारी” जैसे नारों के साथ नगर के प्रमुख चौराहों तक जागरूकता रैली निकाली। इस रैली में बड़ी संख्या में छात्राओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को प्रभावशाली बना दिया।


इसके तहत एक विशेष मिस्ड कॉल अभियान भी चलाया गया, जिसमें 9667173333 नंबर जारी कर छात्राओं एवं आम जनता से जुड़ने की अपील की गई। इस अभियान के माध्यम से 100 से अधिक लोगों ने सहभागिता दर्ज कराते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।


कॉलेज परिसर में “नारी शक्ति दीवार” बनाकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और समानता के संदेश लिखते हुए शपथ पत्र पर हस्ताक्षर किए। इस अभियान में 150 से अधिक हस्ताक्षर एकत्रित हुए।


सप्ताह भर चले कार्यक्रमों में चित्रकला, रंगोली एवं नाटक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। चित्रकला और पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” विषय पर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया, वहीं रंगोली प्रतियोगिता में माँ दुर्गा, सावित्री बाई फुले और कल्पना चावला जैसी प्रेरणादायक महिलाओं के चित्रों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। नुक्कड़ नाटक “मैं हूँ नारी” और लघु नाटिका “नारी शक्ति वंदन अधिनियम : एक नई सुबह” के माध्यम से बालिका शिक्षा और महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

इस पूरे आयोजन में 250 से अधिक छात्राओं, शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास हुआ तथा आम जनमानस तक अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, जैसे लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण, की जानकारी पहुँचाई गई।

कार्यक्रम की सफलता पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. बी.एन. पाण्डेय, महिला प्रकोष्ठ की समन्वयक डॉ. अंजू पटेल, प्रो. माला कुमारी, डॉ. अंजली जायसवाल, डॉ. नेहा सहित अन्य शिक्षकों की उपस्थिति रही। अंत में समन्वयक डॉ. अंजू पटेल ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जनोपयोगी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।



Post a Comment

0 Comments