बलिया को मिली बड़ी सौगात: 437 करोड़ से बनेगा मेडिकल कॉलेज, जल्द होगा शिलान्यास


बलिया। जिले को बहुप्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज की सौगात मिल गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज के निर्माण हेतु शासनादेश जारी कर दिया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए सरकार ने 437 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

यह मेडिकल कॉलेज महर्षि भृगु मुनि के नाम पर स्थापित किया जाएगा और लगभग 14 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होगा। योजना के तहत जेल परिसर की ढाई एकड़ भूमि पर अमर सेनानी चित्तू पांडेय स्मारक के निर्माण का भी प्रावधान किया गया है, जिससे जिले के स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान मिलेगा।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि यह परियोजना बलिया के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने बताया कि यदि सब कुछ तय समय पर रहा तो इसी माह के अंत तक मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास भी किया जा सकता है और प्रयास है कि इसका शुभारंभ स्वयं मुख्यमंत्री द्वारा किया जाए।

उन्होंने यह भी बताया कि कैबिनेट बैठक में परिवहन विभाग के तीन महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिली है, जिसमें पीपीपी मॉडल पर बनने वाले 49 बस अड्डे शामिल हैं। इन बस अड्डों में बलिया के रसड़ा और बिल्थरारोड भी शामिल हैं, जिन्हें आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जाएगा।

सरकार की इस पहल से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ परिवहन व्यवस्था में भी व्यापक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। मंत्री ने कहा कि बलिया को विकास के हर क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को पूरा किया जाएगा।



Post a Comment

0 Comments