वाराणसी, 30 अप्रैल 2026। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री एस. रामकृष्णन के नेतृत्व में रेल संपत्ति की सुरक्षा, अवैध सामानों की धर-पकड़ तथा मानव तस्करी और मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 29 अप्रैल 2026 को सहायक उपनिरीक्षक अजय कुमार राय ने अपनी टीम के साथ गाड़ी संख्या 15273 रक्सौल-आनन्द विहार टर्मिनल सत्याग्रह एक्सप्रेस में सिसवा बाजार और कप्तानगंज स्टेशनों के बीच चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कोच संख्या S2 से दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 4.318 किलोग्राम चरस बरामद की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान तराबुल और जोगिंदर प्रसाद, निवासी जिला पश्चिमी चंपारण के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) थाना गोरखपुर को सुपुर्द कर दिया गया है। इस संबंध में जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अशोक कुमार द्वारा दी गई।


0 Comments