वाराणसी, 30 अप्रैल 2026। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी श्री आशीष जैन की अध्यक्षता में आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित प्रेमचंद सभागार में एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया, जिसमें अप्रैल 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले विभिन्न विभागों के कुल 09 कर्मचारियों को उनके समापक धनराशि का भुगतान किया गया।
इस अवसर पर सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी श्री वीरेन्द्र यादव, सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी श्री दयाशंकर सहित लेखा एवं कार्मिक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबी, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय रेल की प्रगति में आप सभी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कर्मचारियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए वित्तीय सुरक्षा, सोच-समझकर निवेश करने तथा साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि सेवानिवृत्ति के बाद का समय परिवार एवं समाज के कल्याण में लगाएं।
उन्होंने बताया कि कार्मिक विभाग की सक्रियता के चलते सेवानिवृत्ति के दिन ही रिक्त हुए 04 पदों पर वरीयता के आधार पर पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की गई।
पदोन्नति प्राप्त करने वाले कर्मचारियों में—
👉श्री लल्लन प्रसाद वर्मा के स्थान पर श्री विरेंद्र कुमार (स्टेशन अधीक्षक/बकुल्हां)
👉श्री बिनोद राम के स्थान पर श्री आर.के. विश्वकर्मा (कारपेंटर/छपरा)
👉श्री प्रमोद कुमार राय के स्थान पर श्री संतोष कुमार (वरिष्ठ तकनीशियन/छपरा)
👉श्री अब्दुल रहीम के स्थान पर श्री अरविंद कुमार (ट्रैक मैन/भाटपार रानी)
समारोह में मंडल रेल प्रबंधक द्वारा सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवा मेडल पहनाकर, पीपीओ, मेडिकल कार्ड प्रदान कर तथा पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इससे पूर्व सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी श्री वीरेन्द्र यादव ने भी कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उन्हें सेवानिवृत्ति से संबंधित दस्तावेजों—आई कार्ड, सेवा प्रमाण पत्र, पीपीओ एवं डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में नरेश कुमार, सुकदेव उरांव, लल्लन प्रसाद, बिनोद राम, गंगा तिवारी, प्रमोद कुमार राय, सैयद कमर अब्बास, नंदकिशोर प्रसाद एवं अब्दुल रहीम शामिल रहे। इस संबंध में जानकारी जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार द्वारा दी गई।





0 Comments