बलिया। जनपद के थाना नगरा क्षेत्र में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर कांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) श्री दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी रसड़ा श्री आलोक कुमार गुप्ता एवं थानाध्यक्ष नगरा संजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
ज्ञात हो कि 25/26 अप्रैल 2026 की मध्य रात्रि में थाना नगरा क्षेत्र के एक गांव में घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी, सास और ससुर पर चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में पत्नी और सास की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र श्री सुनील कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक बलिया द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया था तथा स्वाट, सर्विलांस टीम व फील्ड यूनिट को सक्रिय कर दिया गया था।
इसी क्रम में 29 अप्रैल 2026 को थाना नगरा पुलिस द्वारा चलाए गए सघन अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर अभियुक्ता राधिका देवी पत्नी तारकेश्वर गुप्ता निवासी इंग्लिशिया थाना गड़वार को सलेमपुर चट्टी से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए अन्य तीन अभियुक्तों—राजकुमार गुप्ता, मुकेश गुप्ता तथा आशा देवी निवासी सिंहाचवर कला थाना गड़वार—को मलप तिराहा से हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के खिलाफ थाना नगरा में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। वहीं, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।


0 Comments