बलिया : स्काउट-गाइड उपलब्धियों से बलिया गौरवान्वित, प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर बच्चों का शानदार प्रदर्शन


बलिया। दिनांक 14 फरवरी 2026 को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में आयोजित भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश की प्रादेशिक परिषद बैठक में जनपद बलिया के प्रतिभाशाली स्काउट-गाइडों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जनपद बलिया के कुंवर सिंह इंटर कॉलेज की छात्रा अंकिता को बीएसजी ज्ञान प्रतियोगिता में प्रदेश स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त करने पर ₹5000 का चेक एवं ₹1000 की नगद धनराशि तथा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। वहीं आज़ाद स्काउट दल के शिवम सिंह कुशवाहा को सर्वोत्तम कैडेट ट्रॉली प्रतियोगिता में प्रदेश में तृतीय स्थान हासिल करने पर ₹7500 का चेक एवं ₹1000 की नगद धनराशि के साथ प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा 9 जनवरी से 13 जनवरी तक बालोद में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी रैली में कुसुम वर्मा एवं अब्दुल माजिद के नेतृत्व में बलिया से प्रतिभाग करने वाले आठ प्रतियोगियों—रवि प्रकाश, ऋषभ कुमार, हरिओम जी मौर्य, सत्यम कुमार, संविधान मौर्या, सोनाक्षी मौर्या, प्रियंका गुप्ता एवं लाली—ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया।

कार्यक्रम से वापस लौटने पर भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश बलिया के जिला मुख्य आयुक्त एवं मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार गुप्ता तथा अतुल तिवारी ने सभी बच्चों को सम्मानित किया और विद्यालय के प्रधानाचार्य, यूनिट लीडर एवं संस्था के पदाधिकारियों की सराहना की।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद बलिया में स्काउट-गाइड आंदोलन राष्ट्र निर्माण, चरित्र निर्माण और सेवा भावना को मजबूत करने में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों से आग्रह किया कि इस प्रकार के रचनात्मक और प्रेरणादायी कार्यक्रम जनपद में अधिक से अधिक संख्या में नियमित रूप से आयोजित किए जाएं।

इस अवसर पर जिला संस्था के जिला आयुक्त स्काउट विश्व रंजन सिंह, कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह, जिला सचिव राजेश कुमार सिंह, जिला संगठन आयुक्त स्काउट सौरभ कुमार पाण्डेय, जिला संगठन आयुक्त गाइड सरिता कुमारी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड कुसुम वर्मा, ट्रेनिंग काउंसलर नफील अख्तर आज़ाद सहित अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments