गुजराती परिचय मेले का भव्य आयोजन, संस्कृति और एकता का सशक्त संदेश


जयपुर। श्री अखिल राजस्थान गुजराती समाज समिति एवं गुजरात सरकार के एनआरजीएफ विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुजराती परिचय मेले का भव्य एवं गरिमामय आयोजन भट्टारक जी की नसियां स्थित तोतूका भवन, नारायण सिंह सर्किल में किया गया। इस आयोजन ने समाज के लोगों को एकजुट करने के साथ-साथ गुजराती संस्कृति और परंपरा को सशक्त मंच प्रदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि विपुल भाई पटेल एवं विशिष्ट अतिथि विधायक एवं समाजसेवी चिराग भाई पटेल की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अतिथियों का दुपट्टा एवं माला पहनाकर पारंपरिक स्वागत किया गया।


बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरे वातावरण को उत्साह व उल्लास से भर दिया। गुजरात सरकार के एनआरजीएफ विभाग से ज्योतिबेन एवं निकुंज परमार की उपस्थिति भी विशेष रही।

मुख्य वक्ता के रूप में गुजरात से पधारे रणजीत सिंह वांक ने अपने ओजस्वी संबोधन में गुजरात की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं एवं सामाजिक मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर समाज मंत्री मुकेश भाई पटेल, मन्नू भाई पटेल, जयेश भाई पटेल, कांतिभाई पटेल, रजनीकांत भाई पटेल, चेतन पटेल सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

परिचय मेले का मुख्य उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर जोड़ना, आपसी परिचय को सुदृढ़ करना तथा सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना रहा, जिसमें यह आयोजन पूर्णतः सफल सिद्ध हुआ।



Post a Comment

0 Comments