मुजफ्फरनगर। जिले के बुढाना कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार तड़के पुलिस और 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश अमजद के बीच हुई मुठभेड़ में अमजद मारा गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि एसपी देहात और सीओ समेत कई अधिकारी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बाल-बाल बच गए। मौके से हथियार और लूटी हुई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, शाहपुर थाना क्षेत्र के हरसोली गांव निवासी अमजद लंबे समय से फरार था और उस पर करीब 40 मुकदमे दर्ज थे। उसे पकड़ने के लिए पुलिस को सूचना मिली थी कि वह इलाके में देखा गया है। इसके बाद बुढाना और तितावी थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। इसी दौरान अमजद लूटी हुई बाइक पर आता नजर आया।
पुलिस टीम ने उसे रुकने और आत्मसमर्पण करने का इशारा किया, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। पहले पिस्टल से और फिर कार्बाइन से अंधाधुंध गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में अमजद घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ में सिपाही अशफाक और कस्बा चौकी इंचार्ज संदीप चौधरी के हाथ में गोली लगी है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं एसपी देहात आदित्य बंसल, सीओ गजेंद्र सिंह और कोतवाल सुभाष अत्री की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोलियां लगीं, जिससे उनकी जान बच गई। पुलिस वाहनों पर भी गोलियों के निशान पाए गए हैं और कुछ शीशे टूट गए।
पुलिस ने मौके से एक कार्बाइन, एक पिस्टल और लूटी हुई मोटरसाइकिल बरामद की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।


0 Comments