जनपद के पत्रकारिता स्तंभ पंडित प्रमोद उपाध्याय का निधन, शोक में डूबा बलिया


*नई दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में चल रहा था इलाज* 

*गुरुवार को सरयां गंगा नदी के तट पर होगा अंतिम संस्कार*

बलिया। जनपद की पत्रकारिता के भीष्म पितामह, दैनिक जागरण के पूर्व जिला प्रबंधक एवं वरिष्ठ पत्रकार पंडित प्रमोद उपाध्याय  (70 वर्ष) का गुरुवार को इलाज के दौरान नई दिल्ली में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और नई दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई। पत्रकारिता जगत, राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

जनपद के विकासखंड सोहांव अंतर्गत सरयां (उजियार भरौली) गांव निवासी पं. प्रमोद उपाध्याय का वर्तमान निवास नगर की चंद्रशेखर नगर कॉलोनी में था। उन्होंने अपने दीर्घ पत्रकारिता जीवन में निष्पक्ष, निर्भीक और मूल्यनिष्ठ पत्रकारिता की मिसाल कायम की। जनपद ही नहीं, बल्कि प्रदेश स्तर पर भी उनकी विशिष्ट पहचान थी।

पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर, पूर्व रेल मंत्री छोटे लोहिया पं. जनेश्वर मिश्र सहित कई दिग्गज नेताओं से उनके घनिष्ठ संबंध रहे। जनपद के राजनीतिक और प्रशासनिक अमले में उनका विशेष सम्मान और प्रभाव रहा।

पत्रकारिता से सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे। ग्रामीण अंचलों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्होंने सागरपाली के समीप पकड़ी गांव में ‘विहान विद्यापीठ’ विद्यालय की स्थापना की, जो उनकी दूरदृष्टि और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

हिंदी दैनिक विहान के संपादक अजय कुमार उपाध्याय ‘बबुआ जी’ उनके अनुज हैं।

पंडित प्रमोद उपाध्याय का पार्थिव शरीर दिल्ली से बलिया स्थित चंद्रशेखर नगर आवास पर लाया जा रहा है। गुरुवार को उनके पैतृक गांव सरयां में गंगा तट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।

उनके निधन से पत्रकारिता जगत ने एक सशक्त, मार्गदर्शक और प्रेरणादायी व्यक्तित्व को खो दिया है।

*परिवर्तन चक्र परिवार के तरफ से विनम्र श्रद्धांजलि* 



Post a Comment

0 Comments