पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल ने फिर रचा इतिहास


*गणतंत्र दिवस पर मेल/एक्सप्रेस के समय-पालन में भारतीय रेल में प्रथम स्थान*

*रेल परिचालन में मंडल की टीम का निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी*

हाजीपुर: 27 जनवरी 2026। पूर्व मध्य रेल अंतर्गत पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल ने गणतंत्र दिवस, 26 जनवरी 2026 को मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के समय-पालन में 99.32 प्रतिशत के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए भारतीय रेल के समस्त 70 मंडलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजधानी, वंदे भारत एवं अमृत भारत जैसी आधुनिक प्रीमियम सेवाओं सहित कुल 149 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का पूर्णतः समयबद्ध एवं निर्बाध संचालन सुनिश्चित किया गया।

यह सफलता रेलवे बोर्ड के निरंतर प्रेरणा एवं मार्गदर्शन, पूर्व मध्य रेल मुख्यालय से पूर्ण समर्थन तथा जमीनी स्तर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना के कुशल नेतृत्व एवं समन्वय में हासिल हुई है। यह उत्कृष्ट योजन तथा रेल कर्मियों की पूर्ण प्रतिबद्धता एवं निरंतर समर्पण के साथ कर्तव्य निर्वहन का प्रतीक है।

डीडीयू मंडल भारतीय रेल का हृदय माना जाता है। यह मंडल पूर्वी भारत के प्रमुख रेल मार्गों का केन्द्र बिन्दु है, जो उत्तर भारत को पूर्वी एवं उत्तर-पूर्वी राज्यों से जोड़ता है। पूरे देश से रेल संपर्क उपलब्ध है। ठीक उसी प्रकार जैसे हृदय पूरे शरीर में जीवन-रस का संचार करता है, वैसे ही डीडीयू मंडल प्रतिदिन हजारों यात्रियों, माल ढुलाई एवं आवश्यक आपूर्ति की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करता है। इसकी समय-पालन एवं कुशल संचालन से देश की आर्थिक गतिविधियाँ, औद्योगिक उत्पादन, कृषि उत्पादों की आपूर्ति एवं राष्ट्रीय प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान होता है।

इस दिन मंडल द्वारा कुल 629 ट्रेनों (394 मालगाड़ियां एवं 235 कोचिंग ट्रेनें) का सुचारु संचालन सम्पन्न हुआ। वर्तमान वित्तीय वर्ष में मंडल ने मेल/एक्सप्रेस समय-पालन में निरंतर उत्कर्ष प्रदर्शित किया है। अब तक 42 अवसरों पर शीर्ष-10 मंडलों में स्थान प्राप्त किया गया, जिसमें 4 अवसरों पर 100 प्रतिशत समय-पालन के साथ प्रथम स्थान भी हासिल किया गया। जनवरी 2026 तक मंडल की समग्र समय-पालन में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। जनवरी-2026 में ही अब तक डीडीयू मंडल तीन बार शीर्ष पांच मंडलों में शामिल रहा। प्रतिदिन औसतन 600 से अधिक ट्रेनों का संचालन करते हुए त्योहारों, मेलों, परीक्षाओं एवं निर्वाचनों जैसी उच्च यातायात वाली परिस्थितियों में भी उत्कृष्ट प्रबंधन सुनिश्चित किया जा रहा है।

यह गौरवपूर्ण उपलब्धि मंडल के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संबद्ध इकाइयों के अथक परिश्रम, उन्नत रखरखाव प्रक्रियाओं, बेहतर समन्वय एवं आधुनिक तकनीकी उपयोग का प्रत्यक्ष परिणाम है। डीडीयू मंडल भारतीय रेल की समय-पालन, सुरक्षा एवं यात्री संतुष्टि के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ कर रहा है।

डीडीयू मंडल की टीम इस प्रेरणादायक उपलब्धि से उत्साहित होकर और अधिक ऊँचाइयों को छूने एवं यात्री-केंद्रित सेवाओं में निरंतर उत्कर्ष लाने के लिए पूर्णतः संकल्पबद्ध है।

एक नजर में :-

● 26 जनवरी 2026 को संचालित मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें: 149 (11 राजधानी, 12 वंदे भारत, 3 अमृत भारत एक्स्प्रेस ट्रेनों सहित)

● उस दिन कुल संचालित ट्रेनें : 629 (394 मालगाड़ियां + 235 यात्री ट्रेनें)

● वित्तीय वर्ष में 100% समय-पालन के साथ प्रथम स्थान: 4 बार

●जनवरी 2026 में टॉप-5 मंडलों में स्थान: 3 बार

● वित्तीय वर्ष में टॉप-10 मंडलों में स्थान: 42 बार

● प्रतिदिन औसत संचालन: 600+ ट्रेनें



Post a Comment

0 Comments