*पूर्वोत्तर रेलवे स्टेडियम लहरतारा में परेड, उपलब्धियों और विकास कार्यों का किया गया उल्लेख*
वाराणसी। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2026 को पूर्वोत्तर रेलवे स्टेडियम, लहरतारा में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी श्री आशीष जैन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और रेलवे सुरक्षा बल, कोरस कमांडो, भारत स्काउट एवं गाइड तथा रेलवे विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत परेड की सलामी ली।
समारोह में मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती वानी जैन, अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) श्री अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रास्ट्रक्चर) श्री अजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.जे. चौधुरी, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री एस. रामाकृष्णन, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अभिनव कुमार सिंह सहित सभी शाखाधिकारी एवं बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन हम सभी को अपने संविधान के प्रति निष्ठावान रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भारतीय रेलवे के उन समर्पित कर्मियों को नमन किया, जिनके अथक परिश्रम से रेल सेवाएं निरंतर संचालित हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे का वाराणसी मंडल अपने 205 स्टेशनों के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध करा रहा है। यात्रियों को बेहतर और द्रुतगामी सेवाएं देने के लिए मंडल द्वारा आधारभूत संरचना और कार्यप्रणाली का लगातार आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
डीआरएम ने कहा कि यह मंडल के लिए गौरव का विषय रहा जब 8 नवंबर 2026 को माननीय प्रधानमंत्री का बनारस रेलवे स्टेशन पर आगमन हुआ और उन्होंने बनारस–खजुराहो सहित चार वंदे भारत ट्रेनों को देश को समर्पित किया। इसके पूर्व वर्ष 2025 में अमृत भारत योजना के तहत सुरेमनपुर और थावे रेलवे स्टेशन का उद्घाटन तथा 13 जनवरी 2026 को बनारस–सियालदह सहित नौ अमृत ट्रेनों की सौगात दी गई। उन्होंने बताया कि मार्च से बनारस स्टेशन से तीन नई ट्रेनें भी संचालित होंगी।
वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि दिसंबर 2025 तक 69.32 किमी रेलखंड का दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण पूरा किया गया है। वहीं 165 किमी रेल ट्रैक का रिन्यूअल कर मंडल ने संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। दीदारगंज–शाहगंज खंड में पहली बार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे सुरक्षा और निगरानी को मजबूती मिली है।
यात्री सुविधाओं की दिशा में कोचिंग डिपो बनारस में शंटिंग सेफ डिवाइस लागू की गई है, जिससे कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। दिसंबर 2025 तक 4.28 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की, जिससे 961.60 करोड़ रुपये की आय हुई है। यह पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि है।
इसके साथ ही बनारस, गाजीपुर सिटी और छपरा स्टेशनों पर वेस्ट मैनेजमेंट के तहत ई-ऑक्शन से आय बढ़ाई गई है। बलिया स्टेशन पर प्रीमियम ब्रांड स्टोर और मऊ स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट की शुरुआत भी की गई है। कई प्रमुख ट्रेनों के रेक को आईसीएफ से एलएचबी में बदला गया है, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित और आरामदायक यात्रा मिल रही है।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा 66 बच्चों को रेस्क्यू कर उनके परिजनों को सौंपा गया। वहीं कार्मिक विभाग की अभिनव पहल के तहत सेवानिवृत्ति के दिन ही पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति दी जा रही है, जिससे कर्मचारियों में उत्साह और पारदर्शिता बढ़ी है।
मंडल रेल प्रबंधक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए रेल परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने, संरक्षा को प्राथमिकता देने और यात्री संतुष्टि व राजस्व वृद्धि के लक्ष्य को हासिल करने की अपील की।
इस अवसर पर मंडल कला समिति एवं भारत स्काउट एंड गाइड द्वारा देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। परेड में शामिल सभी टुकड़ियों को नगद पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अभिनव कुमार सिंह ने किया। यह जानकारी अशोक कुमार, जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी द्वारा दी गई।






0 Comments