*बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त : विधायक मु. रिजवी*
*हजारों जरूरतमंदों को कंबल वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन*
सहतवार, बलिया। स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों से बना भारतीय लोकतंत्र आज गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है। इसे बचाने के लिए देशवासियों को एक बार फिर आज़ादी जैसी निर्णायक लड़ाई लड़नी होगी। यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी ने कहीं। वह सोमवार को सहतवार के बड़ा पोखरा मैदान में बद्रीनाथ सेवा संस्थान द्वारा आयोजित नगर पंचायत सहतवार के पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय बद्रीनाथ सिंह की 24वीं पुण्यतिथि समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी ने स्व. बद्रीनाथ सिंह को याद करते हुए कहा कि वह समाज की अग्रिम पंक्ति में खड़े गरीबों, मजलूमों और वंचितों के सच्चे हितैषी थे। उन्होंने अपने जीवन को समाज सेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित कर दिया था। आज उनके पुत्र नीरज सिंह अपने पिता के बताए रास्ते पर चलते हुए समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं, यह उनके संस्कारों का प्रमाण है।
अम्बिका चौधरी ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में एक ओर संभल में मस्जिद गिराई जाती है, तो दूसरी ओर बनारस के मणिकर्णिका घाट पर मंदिरों को तोड़ा जा रहा है। एसआईआर के नाम पर हजारों लोगों के संवैधानिक वोट काटे जा रहे हैं, जो लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने जनता से सतर्क रहने की अपील की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक मु. रिजवी ने स्व. बद्रीनाथ सिंह को नमन करते हुए कहा कि वही पुत्र महान होता है, जो अपने पिता के कार्यों और आदर्शों को जीवित रखता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकारों ने देश की आर्थिक स्थिति को चौपट कर दिया है। बेरोजगारी से युवा परेशान हैं और आम लोग तहसील, थानों व सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार से त्रस्त हैं।
विधायक मु. रिजवी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के लोग झूठ बोलकर देश की जनता को ठगने का काम कर रहे हैं। धर्म और जाति के नाम पर समाज में नफरत और दूरियां पैदा की जा रही हैं। गलत नीतियों के कारण महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि स्व. बद्रीनाथ सिंह एक सच्चे समाजवादी और जनसेवी थे, जिनके आदर्शों पर चलकर ही समाज का भला हो सकता है।
स्व. बद्रीनाथ सिंह सेवा संस्थान के संरक्षक नीरज सिंह गुड्डू ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष कंबल वितरण, स्वास्थ्य मेला, नेत्र शिविर, विकलांग शिविर सहित अनेक सामाजिक सेवा कार्य किए जाते हैं। नगर पंचायत की चेयरमैन सरिता सिंह एवं नीरज सिंह गुड्डू ने मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों को माला पहनाकर, अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने स्व. बद्रीनाथ सिंह की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर नगर पंचायत चेयरमैन सरिता सिंह द्वारा हजारों जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। कार्यक्रम को भोजपुरी लोक कलाकार खुशी कक्कड़, धनंजय शर्मा व सतीश ने अपनी प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।
कार्यक्रम में यशपाल सिंह, श्याम बहादुर सिंह, संजय उपाध्याय, संजय सिंह, डॉ. विश्राम यादव, जमाल आलम, चंद्रशेखर सिंह, राजन कन्नौजिया, रामजी यादव, वीरेंद्र यादव, सभासद राजेश्वर सिंह, पिंटू सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महंथ सुखदेव दास ने की, जबकि संचालन नीरज सिंह गुड्डू ने किया।









0 Comments