बलिया : स्व. जगदीश यादव की पुण्यतिथि पर मरीजों को फल-दूध वितरण


बलिया। ग्राम सभा डुमरी, विकासखंड चिलकहर के पूर्व प्रधान सतीश सिंह द्वारा अपने दिवंगत मित्र एवं ग्राम सभा डुमरी के पूर्व प्रधान स्वर्गीय जगदीश यादव की पुण्यतिथि प्रत्येक वर्ष 20 जनवरी को विगत 30 वर्षों से निरंतर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही है।


पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी पुण्यतिथि के अवसर पर पूर्व प्रधान सतीश सिंह के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय बलिया में रोग से पीड़ित भर्ती मरीजों के बीच फल एवं दूध का वितरण किया गया। इस अवसर पर पुण्यतिथि को सेवा और मानवता के भाव के साथ मनाया गया।


पूर्व प्रधान सतीश सिंह ने कहा कि स्वर्गीय जगदीश यादव जीवन भर समाज सेवा तथा गरीब व जरूरतमंद लोगों के हितों के लिए समर्पित रहे। उनकी स्मृति में किया गया यह सेवा कार्य उनके आदर्शों को जीवित रखने का एक विनम्र प्रयास है।


कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों एवं मरीजों ने स्वर्गीय जगदीश यादव की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस सेवा कार्य से अस्पताल परिसर में सकारात्मक वातावरण बना रहा तथा मरीजों के चेहरों पर संतोष और मुस्कान देखने को मिली।


स्थानीय लोगों ने पूर्व प्रधान सतीश सिंह के इस निरंतर सामाजिक सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।



Post a Comment

0 Comments