जगदीशपुर शक्तिकेंद्र के बूथ संख्या 113 पर सामूहिक रूप से सुना गया मन की बात का 129वां प्रसारण


देश की उपलब्धियों, चुनौतियों व विकसित भारत के संकल्प पर बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

बलिया नगर। जगदीशपुर शक्तिकेंद्र के बूथ संख्या 113 पर आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मन की बात कार्यक्रम के 129वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। भाजपा जिला मंत्री अरुण सिंह बंटू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्रीय नागरिकों ने जुटकर इस वर्ष के अंतिम एपिसोड को सुना।

भाजपा जिला मंत्री अरुण सिंह बंटू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात का यह 129वां एपिसोड वर्ष 2025 की उपलब्धियों, गौरव क्षणों तथा वर्ष 2026 की चुनौतियों व संभावनाओं पर आधारित रहा।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि कुछ ही दिनों में साल 2026 दस्तक देने वाला है और 2025 की अनेक यादें, उपलब्धियां व गर्व के क्षण देश के मानस में ताज़ा हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा से लेकर खेल, विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान और वैश्विक मंचों तक – भारत ने हर क्षेत्र में अपनी मजबूत छाप छोड़ी है।

पीएम मोदी ने ऑपरेशन 'सिंदूर' का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान ने दुनिया को दिखा दिया कि भारत अब अपनी सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करता। वहीं विज्ञान व अंतरिक्ष क्षेत्र की उपलब्धियों पर उन्होंने शुभांशु शुक्ला के इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पहुंचने को ऐतिहासिक क्षण बताते हुए गर्व व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा की दिशा में भी उल्लेखनीय कदम उठाए गए, जिसके परिणामस्वरूप देश में चीतों की संख्या 30 से अधिक हो चुकी है। इसी वर्ष प्रयागराज में भव्य महाकुंभ आयोजन तथा वर्ष के अंत में अयोध्या में राम मंदिर में झंडा फहराने की ऐतिहासिक क्षण को पीएम मोदी ने “भारत की आस्था, संस्कृति और सामूहिक गर्व” का प्रतीक बताया।

युवाओं के लिए उन्होंने ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ की घोषणा करते हुए कहा कि यह आयोजन 12 जनवरी, स्वामी विवेकानंद की जयंती पर राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर होगा, जिसमें वे स्वयं भी भाग लेंगे।

काशी–तमिल संगमम का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि तमिल भाषा सीखने हेतु वाराणसी के 50 से अधिक विद्यालयों में “तमिल सीखो–तमिल करकलम” अभियान चलाया गया, जो भाषा के माध्यम से भारत की एकता को मजबूत करने का उदाहरण है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सबसे बड़ा आधार देश की युवा शक्ति है, जिनकी लगन और नवाचार क्षमता ही नए भारत को वैश्विक नेतृत्व के मार्ग पर अग्रसर कर रही है।

कार्यक्रम के सामूहिक श्रवण के अवसर पर जिला मंत्री श्रीमती कृष्णा पांडे, नगर उपाध्यक्ष सुनील सिंह, प्रीति पांडे, संजीव सिंह, अतुल पांडे, गणेश गुप्ता, आशीष साह, रवि राय सहित अन्य कार्यकर्ता व नागरिक उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments