तेज बारिश और तूफानी हवाओं से गिरा विशाल वृक्ष, बलिया–सिकंदरपुर मार्ग अवरुद्ध; थाना प्रभारी सुशील दुबे ने खुद मोर्चा संभाला, जनता ने की सराहना


बलिया, 4 अक्टूबर 2025: शुक्रवार सुबह से लगातार हो रही रुक-रुक कर तेज बारिश और झंझावाती हवाओं ने बलिया शहर की रफ्तार थाम दी। बलिया–सिकंदरपुर मुख्य मार्ग पर सत्यम नगर कॉलोनी स्थित एसपी सिटी हॉस्पिटल से लगभग 50 मीटर आगे एक विशाल वृक्ष अचानक सड़क पर गिर गया, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और यातायात ठप्प पड़ गया।

इसी बीच, जिले में माननीय उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक का आगमन प्रस्तावित था, जो अपरिहार्य कारणों से स्थगित हो गया। किंतु सड़क जाम और आवागमन बाधित होने से लोगों को हो रही भारी परेशानी को देखते हुए थाना प्रभारी सुखपुरा इंस्पेक्टर सुशील कुमार दुबे स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपने दल-बल के साथ मजदूरों और जेसीबी मशीन की मदद से वृक्ष की टहनियों को कटवाकर रास्ता साफ कराया।

इंस्पेक्टर दुबे की तत्परता और नेतृत्व में हुए इस राहत कार्य से क्षेत्रीय जनता ने राहत की सांस ली। लोगों ने उनकी सक्रियता, जिम्मेदारी और जनसेवा भावना की खुले दिल से प्रशंसा की। सुशील दुबे अपने कड़े अनुशासन, ड्यूटी के प्रति निष्ठा और त्वरित कार्रवाई के लिए पहले से ही जनता में लोकप्रिय हैं, और इस कार्य ने उनकी छवि को और भी सशक्त बनाया है।

👉 स्थानीय नागरिकों ने कहा : “ऐसे अधिकारी ही जनता के सच्चे रक्षक हैं, जो विपरीत परिस्थितियों में भी जनता की मदद के लिए आगे रहते हैं।”

*पंडित विजेंद्र कुमार शर्मा*




Post a Comment

0 Comments