बांसडीह (बलिया)। लखनऊ में भाजपा विधायक केतकी सिंह के आवास पर समाजवादी पार्टी (सपा) महिला विंग द्वारा किए गए प्रदर्शन को लेकर बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने बांसडीह चौराहा पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया।
पुतला दहन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच छीना-झपटी भी हुई, बावजूद इसके कार्यकर्ताओं ने पुतला जला दिया और अखिलेश यादव व समाजवादी पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
गौरतलब है कि हाल ही में बेरूआरबारी में आयोजित स्वास्थ्य विभाग के एक कार्यक्रम में विधायक केतकी सिंह ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए “टोंटी चोरी” का मुद्दा उठाया था। उनके इस बयान से नाराज होकर सपा महिला विंग की कार्यकर्ताओं ने लखनऊ स्थित विधायक आवास का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया था।
इसी घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बांसडीह में प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश वर्मा, दीपू सिंह, प्रतुल ओझा, राकेश सिंह, चंदन गुप्ता, अभिनव सिंह चंचल, नीरज दुबे सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0 Comments