बलिया। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, बाढ़ खण्ड बलिया से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार जनपद की प्रमुख नदियों गंगा, सरयू (घाघरा) और टोंस का जलस्तर लगातार उतार-चढ़ाव पर है।
गंगा नदी का जलस्तर बक्सर और गायघाट गेज पर खतरे के निशान के करीब पहुंचा हुआ है। सुबह 8 बजे बक्सर गेज पर 60.32 मीटर व शाम 4 बजे 60.43 मीटर दर्ज किया गया, जबकि गायघाट गेज पर 59.45 से बढ़कर 59.60 मीटर तक पहुंचा।
इसी तरह सरयू (घाघरा) नदी का स्तर भी डीएसपी हेड तथा चाँदपुर गेज पर सामान्य से ऊपर बना हुआ है। डीएसपी हेड पर जलस्तर 63.48 से बढ़कर 63.54 मीटर तक दर्ज किया गया। वहीं, चाँदपुर गेज पर 58.00 से बढ़कर 58.08 मीटर तक पहुँच गया।
मॉझी गेज पर सरयू (घाघरा) का जलस्तर 55.80 से 55.88 मीटर तक दर्ज किया गया। टोंस नदी भी पिपरा घाट गेज पर 60.80 मीटर तक पहुँच चुकी है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि बीते 24 घंटे में जनपद में कुल 75 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। फिलहाल नदियों की प्रवृत्ति "बढ़ाव" की ओर है, जिसको देखते हुए बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने अलर्ट जारी किया है और स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
0 Comments