बलिया। आगामी निर्वाचक नामावली के गहन पुनरीक्षण की तैयारी के मद्देनज़र जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को ईवीएम/वीवीपैट गोदाम के मासिक निरीक्षण के पूर्व ईवीएम वेयरहाउस परिसर में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद की सातों विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित मतदान स्थलों, मतदान केन्द्रों, निर्वाचकों की संख्या, जेंडर रेशियो, ईपी रेशियो तथा 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों के सम्भाजन से होने वाली सम्भावित वृद्धि की जानकारी साझा की गई।
इस अवसर पर 31 जुलाई को हुई बैठक का संदर्भ लेते हुए राजनीतिक दलों से विधानसभा/बूथवार बीएलओ नियुक्त कर सूची उपलब्ध कराने की अपेक्षा की गई थी। समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव बीरबल राम ने बताया कि उनकी पार्टी की ओर से सूची उपलब्ध करा दी गई है। अन्य दलों से भी शीघ्र सूची उपलब्ध कराने को कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि बीएलओ नियुक्त होने से काम में पारदर्शिता आएगी और निर्वाचक नामावली को शुद्ध बनाने में मदद मिलेगी।
वर्तमान में पंचायत निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन किया जा चुका है, जिसके तहत 01.01.2025 की अर्हता तिथि के आधार पर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जा रहे हैं तथा मृतक/अनर्ह/डुप्लीकेट नाम विलोपित किए जा रहे हैं। बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन कार्य कर रहे हैं, जिसमें राजनीतिक दलों के सहयोग की अपेक्षा की गई है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार गुप्ता, सीआरओ त्रिभुवन सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अख्तर हसन सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




0 Comments