बलिया : राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम : डीएम व सीडीओ ने टीकाकरण वैन को हरी झंड़ी दिखाकर किया रवाना


बलिया। राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत खुरपका–मुँहपका रोग रोधी टीकाकरण अभियान (छठा चरण) का शुभारंभ मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में हुआ। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने मिलकर टीकाकरण वैन को हरी झंड़ी दिखाकर जनपद भर में रवाना किया।

इस अभियान के दौरान 17 विकास खण्डों में 34 टीकाकरण टीमों का गठन किया गया है, जो 23 जुलाई से 5 सितंबर तक कुल 4,03,000 गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण सुनिश्चित करेंगी। अभियान के लिए पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन सभी विकास खण्ड कार्यालयों पर उपलब्ध कराई गई है।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील कुमार मिश्रा ने पशुपालकों से अपील की कि वे टीकाकरण टीम का सहयोग करते हुए अपने पशुओं को “भारत पशुधन” ऐप पर अविलंब पंजीकृत कराएं और नि:शुल्क टीकाकरण का लाभ उठाएं। इस अवसर पर उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीरंगधर द्विवेदी, पशुधन विकास विभाग के अधिकारीगण एवं समस्त पशु चिकित्साधिकारी अपनी-अपनी टीमें लेकर उपस्थित थे।



Post a Comment

0 Comments