बलिया : पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर साहित्यकारों ने किया वृक्षारोपण


बलिया। शुद्ध पर्यावरण हमें नई चेतना व ऊर्जा प्रदान करता है। प्राकृतिक संसाधनों व उपहारों का अविवेकपूर्ण दोहन वैश्विक जलवायु को नित असंतुलित कर रही है। पर्यावरण के संरक्षण व संवर्धन के निमित्त हर व्यक्ति की भागीदारी होनी चाहिए।

इसी उद्देश्य से पर्यावरण की पूर्व संध्या पर साहित्य चेतना समाज के तत्वावधान में जनपद के ख्याति लब्ध साहित्यकार व कवि कुंवर सिंह इंटर कॉलेज के प्रांगण में छायादार पेड़ लगाए। इस कार्य में प्रधानाचार्य व कवि डॉ शशि प्रेमदेव, शिवजी पांडेय रसराज, संयोजक डॉ नवचंद्र तिवारी, डॉ कादंबिनी सिंह, टीडी कालेज के संगीत प्रशिक्षक डॉ अरविंद उपाध्याय, संजय सिंह, राजीव सिंह आदि की भूमिका अहम रही। इस दौरान कबीर जयंती पर एक संक्षिप्त कवि गोष्ठी भी आयोजित हुई। उनके प्रासंगिक विचारों पर चर्चा की गई। कविगण उनकी रचनाओं को सुना कर माहौल को खुशनुमा बना दिया। बताते चलें कि शिक्षक व साहित्यकार डॉ नवचंद्र तिवारी भी अपने वैवाहिक वर्षगांठ 4 जून को पौधारोपण करके ही मनाते हैं। कहा कि जन्मदिन, वर्षगांठ या अन्य अवसरों पर पौधारोपण करने की संस्कृति पनपनी चाहिए। 

अंत में उड़ीसा के बालासोर में ट्रेन दुर्घटना में काल - कवलित  हुए आत्माओं की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखा गया। घायलों के अति शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।



Comments