कलेक्ट्रेट में जुटे कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ भरा दम
संवाददाता कृष्णकांत पांडेय
बलिया। नई पेंशन वापस करने और पुरानी पेंशन बहाल करने के लिए शिक्षक-कर्मचारी मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। बड़ी संख्या में एकत्रित हुए कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी दी कि पुरानी पेंशन बहाल नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
पुरानी पेंशन के लिए जिले के सभी कर्मचारी संगठन एकजुट दिखे। लगभग सभी संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य कलेक्ट्रेट परिसर के धरना स्थल पर पहुंचे थे। कर्मचारियों में नई पेंशन योजना के खिलाफ काफी आक्रोश दिखा। हजारों कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरना सभा को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेताओं ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। कहा कि नई पेंशन के फायदे गिनाकर कर्मचारियों के साथ छलावा किया जा रहा है। कहा कि सरकार तर्क दे रही है कि पुरानी पेंशन से देश कंगाल हो जाएगा। लेकिन भारत के कई पड़ोसी देश कंगाल हो गए तो उसके पीछे पुरानी पेंशन नहीं, बल्कि दूसरे कारण हैं। सरकार पर देश के बड़े संस्थानों को बेचने का आरोप लगाते हुए कहा कि हम पुरानी पेंशन हमारा अधिकार है इसे ले कर ही रहेंगे। इसके लिए कुर्बानी देने से भी पीछे नहीं हटेंगे। कहा कि पुरानी पेंशन बहाल नहीं हुई तो 2024 में मोदी सरकार को इसके नतीजे भुगतने पड़ेंगे।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के कौशल उपाध्याय, जनकुऑक्टा के अध्यक्ष डा. अखिलेश राय, महाविद्यालय शिक्षक संघ के महामंत्री डा. अवनीश चन्द्र पाण्डेय, सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय कान्हजी, सुचेता प्रकाश, ब्रजेश सिंह, अनिल सिंह, माध्यमिक शिक्षक संघ चेतनारायण गुट के जिलाध्यक्ष अरूण सिंह, अरविन्द राय, जगत नारायण मिश्र, विजय बहादुर, अवधेश यादव, छट्ठू यादव, निर्भय सिंह, बिजेंद्र सिंह, सुशील त्रिपाठी, भरत भूषण मिश्र, अवधेश तिवारी, विमल कुमार यादव, लालबचन, प्रेमप्रकाश मिश्रा, अभय मिश्रा, दिलीप कुमार श्रीवास्तव, राजकुमार प्रसाद, ददन भारती, कृष्ण कुमार शर्मा, वीएन तिवारी, राजेश चौहान, दशरथ यादव, श्रीराम प्रसाद आदि थे।
अध्यक्षता राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की अध्यक्ष सत्या सिंह व संचालन मंडल मंत्री वेदप्रकाश पाण्डेय ने किया।
मान मान ए देवता...
बलिया। पुरानी पेंशन बहाली के लिए जिलाधिकारी कार्यालय पर आयोजित धरने में कर्मचारी नेताओं ने गीतों के जरिए भी जोश भरने का प्रयास किया। कर्मचारी नेता श्रीराम प्रसाद ने अपने गीत 'मान मान ए देवता, भाग ए देवता' के माध्यम से सरकार को संदेश दिया। एक और कर्मचारी नेता विदेशी लाल यादव ने भी 'मत दीं टेंशन हमके दीं पेंशन' गाकर पुरानी पेंशन के लिए आवाज बुलंद की।
0 Comments