बलिया : बच्चों को 9 जनवरी से लगेगा मीजेल्स व रूबेला का टीका

 


● शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चों का हो रहा है सर्वेक्षण

● तीन चरणों में चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान 

बलिया, 14 दिसम्बर 2022। प्रदेश में मीजेल्स और रूबेला के बढ़ते खतरे को देखते हुए जनपद में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों का सर्वेक्षण कराया जा रहा है। शासन के निर्देश के अनुसार मीजेल्स और रूबेला जैसी खतरनाक बीमारियों के खात्मे को लेकर 7 से 15 दिसंबर तक सर्वेक्षण का कार्य कराया जा रहा है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ०जयन्त कुमार ने दी।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा के सर्वेक्षण कार्य को पूरा करने के लिए सभी आशा कार्यकर्ता को संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रशिक्षित करने का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसका सत्यापन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा सहयोगी संस्थाओं की ओर से किया जायेगा। 

उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ० शशि प्रकाश ने बताया कि नियमित टीकाकरण कार्यक्रम एवं मीजेल्स और रूबेला जैसी खतरनाक बीमारियों को नियंत्रित करने के लिए प्रतिवर्ष अभियान चलाया जाता है।

 तीन चरणों में चलेगा अभियान :-

-प्रथम चरण 9 से 20 जनवरी 2023

-द्वितीय चरण 13 से 24 फरवरी 2023 

-तृतीय चरण 13 मार्च से 24 मार्च 2023 में चलाया जाएगा। 

उन्होंने बताया कि हाल ही में झारखंड, बिहार, गुजरात, केरल, महाराष्ट्र और हरियाणा में खसरे के मामले बढ़ने से कई मौतें दर्ज हुई हैं। उधर, मीजेल्स और रूबेला के टीकाकरण के मामले में यूपी के 41 जिले पहले ही हाई रिस्क श्रेणी में हैं। इसलिए टीकाकरण का आंकड़ा शत प्रतिशत रखा गया है। उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण में आशा कार्यकर्ता अपने क्षेत्रों में जाकर टीकाकरण से वंचित बच्चों का पता कर रही हैं और उनकी सूची तैयार कर स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्साअधिकारी/अधीक्षक को दे रही हैं। इससे टीकाकरण अभियान के दौरान उन बच्चों को प्राथमिकता दी जा सके। उन्होंने बताया कि आगामी तीन माह में 100 प्रतिशत बच्चों को टीकाकरण कराने का लक्ष्य निर्धारित है।



Post a Comment

0 Comments