पुण्यतिथि पर याद किए गए स्व. मैनेजर सिंह, मंत्री दयाशंकर सिंह ने दी श्रद्धांजलि, किया बड़ा ऐलान


बैरिया, बलिया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि द्वाबा के मालवीय मैनेजर सिंह की स्मृतियों व कृतियों को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए जो भी संभव होगा, मैं करूंगा। मैनेजर सिंह नहीं होते तो मैं इस स्थिति में नहीं होता। राजनीति का ककहरा मैंने मैनेजर सिंह से ही सीखा है। 

29वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को सुदिष्ट बाबा इंटर कॉलेज सुदिष्टपूरी में आयोजित समारोह में मंत्री ने कहा कि स्व मैनेजर सिंह द्वारा स्थापित विद्यालयों व महाविद्यालयों के विकास के लिए बहुराष्ट्रीय कम्पनियों से सहयोग लिया जाएगा। कहा कि मैनेजर सिंह इस क्षेत्र में कृषिविज्ञान संस्थान स्थापित करना चाहते थे। किन्ही कारणों से वह नहीं हो पाया। मैं अपनी सरकार से आग्रह कर इस क्षेत्र में मैनेजर सिंह के नाम पर कृषि महाविद्यालय की स्थापना कराऊंगा। मंत्री ने कहा कि बलिया शहर में चित्तू पाण्डेय, मंगल पाण्डेय, हजारी प्रसाद द्विवेदी, रामदहीन ओझा सहित सभी महापुरुषों की नई प्रतिमाएं स्थापित कराऊंगा। उन मूर्तियों की ऊंचाई 12 फिट व लागत प्रति मूर्ति 20 लाख रुपये आएगी। 

इसके लिए राजस्थान के कारीगरों को आर्डर किया जा चुका है। उन्होंने लखनऊ में मैनेजर सिंह के नाम पर एक पार्क व एक सड़क का नामकरण करा देने की बात बताते हुए कहा कि जल्द ही लखनऊ में भी मैनेजर सिंह की प्रतिमा लगाई जाएगी। सुदिष्टपूरी इंटर कालेज में अर्धनिर्मित कमरों का निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त से आग्रह किया।

सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त ने कहा कि जनता मेरे लिए जनार्दन है। जो भी आप लोगों का आदेश होगा करूँगा। उन्होंने स्व मैनेजर सिंह की राजनैतिक यात्रा व अपने साथ बिताए समयों के संस्मरणों को मंच से साझा करते हुए कहा कि ठाकुर साहब के नाम से बलिया में केवल दो लोग जाने गए ठाकुर शिवमंगल सिंह व ठाकुर मैनेजर सिंह।

सांसद नीरज शेखर ने स्व0 मैनेजर सिंह को एक व्यक्ति नही संस्था बताते हुए सुदिष्ट बाबा इंटर कालेज परिसर में स्थापित प्रतिमा व बैरिया त्रिमुहानी पर मैनेजर सिंह स्मारक प्रतिष्ठान पर स्व मैनेजर सिंह का जीवन फलक लगवाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान, निर्भय सिंह गहलौत, पूर्व प्रधान अरुण सिंह, अरविन्द सिंह सेंगर, विजय बहादुर सिंह, रत्नेश सिंह, मदन सिंह, ताड़केश्वर गोड़, मनोज सिंह सहित दर्जनों भाजपाईयों ने अतिथियों को फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू व संचालन अजय सिंह ने किया।




Comments