पूर्वोत्तर रेलवे : ई-टिकटों के साथ 3 अवैध कारोबारी गिरफ्तार


गोरखपुर, 12 अक्टूबर, 2022:  रेलवे सुरक्षा बल, पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा त्योहारों के समय में हो रही यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए यात्री जनता की सुविधा हेतु टिकट दलालों एवं अनाधिकृत रूप से टिकट बेचने वालों के विरूद्व सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 11 अक्टूबर, 2022 को रेलवे सुरक्षा बल, मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं द्वारा संयुक्त रूप से आई.आर.सी.टी.सी. के एक अधिकृत एजेन्ट को आरक्षित ई-टिकटों के अवैध कारोबार में सम्मलित पाकर भारी मात्रा में नगद रूपये, लैपटाप, मोबाइल एवं ई-टिकटों के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त टिकटों के अवैध कारोबार की रोकथाम के लिये अन्य अनेक स्थानों पर भी इस तरह की कार्यवाही की गयी।

रेलवे सुरक्षा बल साईबर सेल मुख्यालय, गोरखपुर तथा अपराध आसूचना शाखा, गोरखपुर क्षेत्र के निरीक्षक एवं बल सदस्यों द्वारा 11 अक्टूबर, 2022 को मुखबीर की खास सूचना पर कुसम्ही बाजार, गोरखपुर स्टेट बैंक के पास स्थित एक जनसेवा केन्द्र के संचालक को आई.आर.सी.टी.सी. के प्रर्सनल यूजर आईडी पर बने आरक्षित टिकटों के अवैध कारोबार में संलिप्त पाकर गिरफ्तार किया गया। यह व्यक्ति आई.आर.सी.टी.सी. के प्रर्सनल यूजर आईडी पर तत्काल ई-टिकट बनाकर किराये के अतिरिक्त रू. 100-200 अधिक लेकर बेचता था। पकड़ा गया व्यक्ति आई.आर.सी.टी.सी. का अधिकृत एजेन्ट है, जो कि इस अवैध करोबार में 05 व्यक्तिगत आईडी का उपयोग करता था। पकड़े गये व्यक्ति केे पास से 08 अदद ई-टिकट, रू. 56700/- नगद, दो लैपटाप एवं एक अदद मोबाइल फोन बरामद किया गया।

रेलवे सुरक्षा बल अपराध आसूचना शाखा, गोरखपुर एवं रेलवे सुरक्षा बल, कप्तानगंज द्वारा 11 अक्टूबर, 2022 को संयुक्त रूप से मुखबीर फोन की सूचना पर मिठौरा बाजार, महराजगंज स्थित एक दुकान से 16 अदद ई-टिकटों के साथ अवैध कारोबार में संलिप्त पाकर गिरफ्तार किया गया।

मुख्य सतर्कता निरीक्षक, गोरखपुर एवं रेलवे सुरक्षा बल, बहराईच द्वारा संयुक्त रूप से मुखबीर की सूचना पर बहराईच स्थित एक दुकान के संचालक को 05 अदद आरक्षित टिकटों के साथ अवैध कारोबार में संलिप्त पाकर गिरफ्तार किया गया।

रेलवे सुरक्षा बल, मनकापुर द्वारा 11 अक्टूबर, 2022 को गाड़ी सं. 55537 में जांच के दौरान 22 पेटी अमानक पानी बरामद कर जप्त किया गया।


(पंकज कुमार सिंह)     

मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी

सम्पादक/ब्यूरो प्रमुख, गोरखपुर।



Comments