हिन्दी राष्ट्रीय अस्मिता तथा सांस्कृतिक स्वाभिमान से देश को एक सूत्र में पिरोने की सशक्त कड़ी है : महाप्रबन्धक श्री अशोक कुमार मिश्र


गोरखपुर 22 सितम्बर, 2022: पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबन्धक एवं नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) के पदेन अध्यक्ष श्री अशोक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में 19 से 28 सितम्बर 2022 तक मनाये जा रहे राजभाषा सप्ताह समारोह के अन्तर्गत 22 सितम्बर, 2022 को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ‘नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति‘ की बैठक सम्पन्न हुई। 

वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक को सम्बोधित करते हुये महाप्रबन्धक श्री अशोक कुमार मिश्र ने कहा कि 14 सितम्बर, 1949 को संविधान सभा द्वारा हिन्दी को संघ सरकार की राजभाषा के रूप में प्रतिष्ठित किया गया, तभी से इस दिवस की स्मृति में ‘हिन्दी दिवस‘ मनाया जाता है। इसी क्रम में केन्द्र सरकार के कार्यालयों/बैंकों, उपक्रमों एवं निगमों में राजभाषा सप्ताह अथवा राजभाषा पखवाड़ा भी मनाया जाता है। हिन्दी दिवस के अवसर पर केन्द्रीय गृह मंत्री द्वारा जारी संदेश की प्रति बैठक में उपस्थित सदस्यों को उपलब्ध कराई गई। 

श्री मिश्र ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय में 19 से 28 सितम्बर, 2022 तक राजभाषा सप्ताह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। सभी विभाग अपने कार्यालयों में राजभाषा सप्ताह/पखवाड़ा का आयोजन कर रहे होंगे। उन्होंने कहा कि हिन्दी राष्ट्रीय अस्मिता तथा सांस्कृतिक स्वाभिमान से देश को एक सूत्र में पिरोने की सशक्त कड़ी है। आज हिन्दी न सिर्फ स्वाभिमान अपितु स्वाबलंबन का पर्याय है। माननीय प्रधानमंत्री जी का आजादी का 75वें अमृत महोत्सव की संकल्पना एंव आत्म निर्भरता का आधार हिन्दी के मजबूत कंधों पर ही सशक्त हो सकता है। अजादी का यह महोत्सव इन संकल्पो को दोहराने ओर उन सपनों को साकार करने के लिए है, जो हमारे स्वाधीनता सेनानियों ने देखे थे। भारत की सम्पूर्ण स्वतंत्रता, स्वाभिमान की प्रतिष्ठा, देश की उन्नति और स्ववलंबन इन सपनों को सकार करने के लिए अन्य कारकों के साथ-साथ हिन्दी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आप सभी इस दिशा में निरन्तर अपना प्रयास जारी रखें ताकि राजभाषा का प्रयोग बाधित न होने पाए तथा कार्यालयों में हिन्दी में कार्य करने का अनुकूल माहौल बन सके। 

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री चन्द्र प्रकाश गुप्ता ने अपने स्वागत सम्बोन्धन में कहा कि इस वर्ष गृह मंत्रालय राजभाषा विभाग के निर्देश पर 14 एवं 15 सितम्बर को हिन्दी दिवस एवं द्वितीय अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन का आयोजन सूरत में किया गया। निश्चित रूप से हमारे सदस्य कार्यालयों की सहभागिता रही होगी। गोरखपुर नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति में 52 सदस्य कार्यालय है। अभी भी कुछ कार्यालयों में राजभाषा हिन्दी के उत्तरोत्तर प्रगति के लिए निर्धारित प्रावधानों को अपने कार्यक्षेत्र में सजगता से लागू कराने की आवष्यकता है। राजभाषा के क्षेत्र में निर्धारित प्रारूप में तिमाही रिपोर्ट का प्रेषण, बैठकों व कार्यशालाओं के आयोजन, पत्राचार में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया जाये तो निश्चय ही शील्ड प्राप्त करने में सफल हो पायेंगे। राजभाषा नीति प्रेरणा, प्रोत्साहन और सदभावना पर आधारित है। उप मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री राहुल यादव ने धन्यवाद ज्ञापन किया तथा भारतीय जीवन बीमा निगम द्वारा अपने विभाग के कार्यविधि का विस्तार से विवरण प्रस्तुत किया। 

बैठक का संचालन करते हुये राजभाषा अधिकारी श्री अरशद मिर्जा ने पिछली बैठक के कार्यवृत्त के प्रमुख निर्णयों के अनुपालन स्थिति से सदस्यों को अवगत कराया। 

उन्होंने बैठक में लिये गये निर्णयों को अपने-अपने कार्यालयों में लागू कराने तथा अपनी रिपोर्ट समय से गृह मंत्रालय के पोर्टल पर भेजे साथ-साथ समिति कायालयों को भी भेजना सुनिष्चत करने का अनुरोध किया।

 (पंकज कुमार सिंह)

मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी

सम्पादक/ब्यूरो प्रमुख, गोरखपुर।       


                                                   

 


Comments