उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद अयोध्या का किया सघन दौरा








-सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला कारागार, आंगनवाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, कान्हा गौशाला आदि का किया निरीक्षण।

-ग्राम सरेठी मे अमृत सरोवर वह अमृत वाटिका का किया लोकार्पण।

-सरेठी में लगाई जनता चौपाल,

-जिले की योजनाओं के संबंध की समीक्षा बैठक।

-जिला जेल का किया सघन निरीक्षण।

लखनऊ/अयोध्या :20 अगस्त 2022। उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को अयोध्या जनपद का सघन दौरा किया।

उन्होंने सर्वप्रथम हनुमानगढ़ी में हनुमानजी का दर्शन किया उसके बाद राम जन्मभूमि मन्दिर में रामलला विराजमान के दर्शन किया तथा राम मंदिर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निर्माण कार्यों के बारे में सम्बन्धित लोगों से वार्ता की। उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पूरा बाजार का निरीक्षण किया। पैरामेडिकल स्टाफ, दवाइयों की उपलब्धता, बताया गया कि ओपीडी में 100 से 150 मरीज प्रतिदिन आते हैं। 10 से 15 मरीज भर्ती होते हैं। दवा वितरण कक्ष, कोल्ड चेन कक्ष सहित इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। भर्ती मरीजों का हालचाल लेते हुये अस्पताल द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की। कहा सरकार का पूरा प्रयास है कि हर नागरिक को चिकित्सा सुविधा हर हाल में मिले। प्रदेश में नये बनाये जा रहे  मेडिकल कॉलेजों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्होंने वृक्षारोपण भी किया। उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने विकास खण्ड परिसर पूरा बाजार में प्रधानो, क्षेत्र पंचायत सदस्यों व अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के बारे में बैठक की। सभी को अपने दायित्वों का बोध कराते हुए कहा कि विकास योजना को क्रियान्वित करने में सहयोग दें। कहा सरकार बनाना आसान है, देश बनाना कठिन है, समाज बनाना कठिन है। कहा हमारा लक्ष्य सर्वांगीण विकास करना है, जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, भ्रष्टाचार पर पूरी तरह रोक लगाते हुए गांव, गरीब के लिए बनायी गयी योजनाओं को अमली जामा पहनाना है ।कहा कि प्रधानगण गांवों के विकास का मास्टर प्लान बनायें। देश को विश्व गुरु बनाने की शुरुआत गांव से ही होगी। उन्होंने कहा भ्रष्टाचार रोके बिना विकास में स्थायित्व नहीं आयेगा, हमें आने वाली पीढ़ी को भव्य व पूर्ण विकसित भारत देना है। ब्लाक परिसर में भी उन्होंने वृक्षारोपण किया। 

उप मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत सरेठी मे विकसित किये गये अमृत सरोवर परिसर में पीपल, पाकड़, बरगद (सकरी) के पौधों का वृक्षारोपण किया। उप मुख्यमंत्री ने अमृत सरोवर एवं अमृत उपवन का लोकार्पण किया तथा अमृत सरोवर में निरीक्षण करके तालाब में पानी को नियमित भरने एवं छायादार वृक्ष लगाने के निर्देश दिये। ग्राम पंचायत सरेठी के पंचायत भवन का निरीक्षण किया तथा बच्चों से वार्ता भी किया। इसके दौरान उन्होंने पंचायत सहायक से वार्ता करके आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी ली और पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिये। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय सरेठी में आंगनबाड़ी, आशा बहुओं, स्वयं सहायता समूहों द्वारा उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री व मा0 मुख्यमंत्री द्वारा महिलाओं की आमदनी बढ़ाने के लिए सरकार कटिबद्व है। उन्होंने ग्राम सरेठी में आयोजित जनता चौपाल के दौरान सरकार द्वारा संचालित योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मा0 मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार व राज्य सरकार निरन्तर गरीबों के लिए कार्य करती रहेगी। उपमुख्यमंत्री ने आवास लाभार्थियों को आवास चाभी व सहजन का वृक्ष भेंट किया, इसके बाद उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य बैसिंह गौशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में गौ-माता को चारा खिलाया तथा गौशाला में साफ सफाई, चारा, भूसा, पानी तथा पशुओं के चिकित्सीय उपचार आदि की उपलब्धता रहने के साथ सम्बंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिये।

इस अवसर पर अयोध्या सांसद श्री लल्लू सिंह, महापौर श्री ऋषिकेश उपाध्याय, विधायक श्री वेद प्रकाश गुप्ता, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि श्री शिवेन्द्र सिंह, महानगर अध्यक्ष श्री अभिषेक मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अनिता यादव, परियोजना निदेशक श्री आर0पी0 सिंह, खण्ड विकास अधिकारी दिशा श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान रक्षाराम यादव, बड़ी संख्या में सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ता, पदाधिकारी आदि मौजूद थे। 

अंतिम चरण में मा0 उपमुख्यमंत्री ने सभी सम्बंधित विभाग के अधिकारियों के साथ सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रगति की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि कान्हा गौशाला में 48 घंटे के अंदर सभी गौशाला परिसर को कवर करते हुये सीसीटीवी कैमरा लगाये जाये जो 24 घंटे संचालित रहे तथा उन्होंने कहा कि सरकार ने यह स्पष्ट निर्देश दिये है कि किसी भी सरकारी भूमि पर रहे आम गरीब व्यक्तियों की अलग वैकल्पित व्यवस्था करने के उपरांत ही उनका कब्जा हटाया जाय तथा यदि अगर माफिया का कब्जा है तो उसे तत्काल बल पूर्वक हटाया जाय तथा उन्होंने कहा कि नहरों में पानी अनवरत आता रहे, जिससे कि कृषक भाईयों को पानी की समस्या न हों। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाय कि सीएचसी, पीएचसी में तैनात सभी डाक्टर उपस्थित रहे तथा दवाईयों की उपलब्धता कम न होने पाये। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना हेतु पात्र सभी किसान भाईयों को शत प्रतिशत लाभ दिया जाय। इसके साथ उन्होंने विद्युत विभाग के सम्बंधित अधिकारियों से कहा कि शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे व ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे से कम विद्युत आपूर्ति न हों तथा यह ध्यान रखा जाय कि आम जनमानस के बिजली बिलिंग की समस्याओं का निस्तारण तत्परता के साथ किया जाय। राजस्व विभाग के कार्यो की समीक्षा करते हुये उन्होंने कहा कि जिन-जिन गांवों में चकबंदी की प्रक्रिया चल रही है उन गांवों की चकबंदी सम्बंधी समस्याओं का निस्तारण समयबद्व किया जाय तथा गांवों में चकमार्गो को अतिक्रमण मुक्त हेतु अभियान चलाया जाय, आईजीआरएस पोर्टल, मा0 मुख्यमंत्री संदर्भ, मा0 मंत्री संदर्भ, शासन संदर्भो द्वारा प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समयबद्व तथा गुणवत्ता के साथ किया जाय तथा निस्तारित प्रकरणों का फीडबैक जरूर लिया जाय फीडबैक के उपरांत ही उन्हें निस्तारित माना जाय। इसके साथ उन्होंने दाखिल खारिज, वाद निस्तारण, वरासत प्रकरणों का निस्तारण समयबद्व किया जाय तथा उन्होंने कहा कि हर बुधवार को आयोजित होने वाले ब्लाक दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता के साथ किया जाय तथा कुछ चिन्हित शिकायतों का निस्तारण खण्ड विकास अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर करें। इसके अलावा उन्होंने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित शादी अनुदान, सामूहिक विवाह योजना, पारिवारिक लाभ योजना, वृद्वावस्था पेंशन आदि सभी योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की। 

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि अमृत सरोवरों के निर्माण में प्रदेश, देश में प्रथम स्थान पर है। 15 अगस्त को 7500 अमृत सरोवरों  को विकसित कर उन पर झण्डारोहण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष 8288 अमृत सरोवरों पर झंडारोहण किया गया। कहा प्रदेश में मनरेगा से 129 हाइटेक नर्सरी बनायी जा रही हैं। 75 विलुप्तप्राय नदियों का पुनरुद्धार किया जा रहा है। 10 लाख नये स्वयं सहायता समूहों के गठन का कार्य चल रहा है। अमृत सरोवरो के निर्माण का कार्य चल रहा है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम 2 अमृत सरोवरों को विकसित किया जायेगा।

प्रदेश में लगभग एक लाख 20 हजार अमृत सरोवरो का निर्माण किया जायेगा। उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर लगातार अग्रसर है।

इस अवसर पर मा0 सांसद श्री लल्लू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रोली सिंह, मेयर श्री ऋषिकेश उपाध्याय, विधायक श्री वेदप्रकाश गुप्ता, महानगर अध्यक्ष श्री अभिषेक मिश्रा, जिलाधिकारी श्री नितीश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रशान्त वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अनिता यादव, संयुक्त विकास आयुक्त श्री अरविन्द चन्द्र जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 अजय राजा, परियोजना निदेशक श्री आर0पी0 सिंह सहित सम्बंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने जिला अधिकारी व  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ जिला कारागार का निरीक्षण किया वह सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।



Comments