सलेमपुर, देवरिया। आज दिनांक 1मई 2022 को मानवस्थली पब्लिक स्कूल सलेमपुर में अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस मनाया गया। आज विद्यालय के अधीनस्थ वर्ग के कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, उन्हे उपहार दिए गए और जलपान कराया गया। विद्यालय की उप प्रधानाचार्य श्रीमती पूनम श्रीवास्तव द्वारा महिला कर्मियों का माल्यार्पण किया गया तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य राम ब्यास सिंह यादव द्वारा पुरुष कर्मियों का माल्यार्पण किया गया। विद्यालय की प्रबंधक श्रीमती रेणु दुबे ने सभी अधीनस्थ कर्मियों को उपहार भेंट किए तथा जलपान कराया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक संजीव दुबे ने अधीनस्थ कर्मियों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अधीनस्थ कर्मी और मज़दूर किसी भी संस्था की रीढ़ की हड्डी होते हैं। इनके बिना संस्था के सुचारू रूप से चलने की कल्पना भी नहीं की जा सकती। इस अवसर पर उन्होंने अधीनस्थ कर्मियों के लिए वर्ष में तीन दिन का अतिरिक्त अवकाश या उसके स्थान पर नक़द देने की घोषणा की। रविवार, लग्न एवं अन्य कारणों से कुछ अधीनस्थ कर्मी आज अनुपस्थित थे। विद्यालय के अधीनस्थ वर्ग के कर्मचारी इस अवसर पर मिले सम्मान से अभिभूत थे और उन्होंने कहा कि हमें आज तक अपने पूरे जीवन में कभी इतना सम्मान नहीं मिला। इसके लिए उन्होंने विद्यालय के निदेशक, प्रबंधक, प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्य तथा अन्य ज़िम्मेदार व्यक्तियों के प्रति अपना आभार प्रकट किया और भविष्य में और अधिक मेहनत और ईमानदारी से काम करने का संकल्प लिया।
0 Comments