दर्दनाक सड़क हादसा : 11 लोगों की मौत, सभी मृतक एक ही परिवार के


(राजस्थान)  झुंझुनूं-उदयपुरवाटी मार्ग पर लीलों की ढाणी के निकट मंगलवार दोपहर बाद सीमेंट से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली व पिकअप की टक्कर में ग्यारह जनों की दर्दनाक मौत हो गई। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। घायलों को बीडीके अस्पताल झुंझुनूं में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस के अनुसार गुढ़ागौडज़ी कस्बे से बाहर की तरफ स्टेट हाइवे 37 पर सवारियों से भरी पिकअप टै्रक्टर ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में पिकअप में सवार आठ जनों की मौके पर मौत हो गई। जबकि तीन ने राजकीय बीडीके अस्पताल झुंझुनूं में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के समय पिकअप में करीब बीस जने सवार थे।

हादसे के बाद सभी को गुढ़ागौडज़ी सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सकों ने एक महिला सहित 8 जनों को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायलों को बीडीके अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया। घायलों का उपचार किया जा रहा है। यहां कुछ समय बाद दो जनों की मौत हो गई। एक को जयपुर रैफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।

परिवार में हुई थी मौत : 

जानकारी के अननुसार सभी लोग खेतड़ी इलाके की हीरों की ढाणी (कृष्ण नगर) से परिवार में किसी सदस्य की मौत होने के बाद तेरहवीं की धार्मिक क्रिया करने के लिए उदयपुरवाटी के निकट लोहार्गल गए थे। वहां से धार्मिक क्रियाक्रम करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। इधर हादसे के बाद हीरों की ढाणी में कोहराम मच गया।

पिकअप के नीचे दब गए : 

हादसे के बाद पिकअप पलट गई। सवारियां पिकअप के नीचे दग गई। इस कारण अधिकतर की मौत हो गई।

हर कोई मदद के लिए आगे आया हादसे के बाद मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पिकअप को सीधा किया। उसके नीचे फंसे घायलों को बचाने का प्रयास किया।

मृतक 1.कैलाश (35) पुत्र गिरधारीलाल यादव 2.भंवरलाल (35) पुत्र रिछपाल यादव 3. सुमेर (50) पुत्र गिरधारीलाल यादव 4. राजबाला (45) पत्नी सुमेर यादव 5. अर्पित (15) पुत्र शिवकरण यादव 6. मनोहर (50) पुत्र प्रभातराम यादव 7. नरेश (16) पुत्र श्रवण यादव 8. कर्मवीर (20) पुत्र सुमेर यादव निवासी-कृष्णनगर (हीरा किरानी) ग्राम पंचायत बड़ाऊ, थाना खेतड़ी। 

साभार- पत्रिका




Comments