शरीर के लिए संपूर्ण आहार माना जाता है दूध, एक्सपर्ट से जानें दूध पीने के फायदे और नुकसान


दूध स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, इसका सेवन सीमित मात्रा में करें। आइए जानते हैं दूध पीने के फायदे और नुकसान क्या हैं ?

बच्चे हो या बड़े दूध सभी के लिए फायदेमंद होता है। इसके सेवन से कई तरह की परेशानियां दूर होती हैं। इसलिए कई हेल्थ एक्सपर्ट बच्चों से लेकर हर उम्र के लोगों को रोजाना दूध पीने की सलाह देते हैं। यह कई तरह के पोषक तत्वों जैसे- कैल्शियम, पोटैशियम, प्रोटीन, फास्फोरस इत्यादि से भरपूर होता है। यह हड्डियां मजबूत करने से लेकर शरीर की अन्य परेशानी दूर करने में लाभकारी होता है। डायट मंत्रा क्लीनिक की डायटीशियन का कहना है कि दूध हड्डियों के साथ-साथ मांसपेशियों को मजबूत बनाए रखने में लाभकारी है। इसमें मौजूद मैग्नीशियम और कैल्शियम हड्डियों को मजबूत करता है। साथ ही यह हड्डियों से जुड़ी कई परेशानी को दूर करने में लाभकारी है। हालांकि, दूध का सेवन सीमित मात्रा में करने की सलाह दी जाती है। आइए इस लेख में हम दूध के फायदे और नुकसान के बारे में विस्तार से जानते हैं।

दूध पीने के फायदे : दूध पीने से स्वास्थ्य को कई तरह के फायदे हो सकते हैं। इससे हड्डियां मजबूत होने के साथ-साथ हड्डियों से जुड़ी कई परेशानी दूर होती है। साथ ही यह कई अन्य समस्याएं जैसे- मोटापा, दिल से जुड़ी बीमारी, दांतों की समस्या को दूर करने में प्रभावी होता है। आइए विस्तार से जानते हैं इसके फायदों के बारे में - 

हड्डियों और मांसपेशियों के लिए लाभकारी : दूध पीने से हड्डियों और मांसपेशियों को काफी लाभ मिलता है। दरअसल, दूध में कैल्शियम और मैग्नीशियम भरपूर रूप से मौजूद होता है, जो मांसपेशियों और लड्डियों की मजबूती को बढ़ाने में लाभकारी है। इसके अलावा यह बढ़ती उम्र में होने वाले ऑस्टियोपोरोसिस और फ्रैक्चर से बचाव करने में आपकी मदद कर सकता है। इसलिए रोजाना कम से कम 1 गिलास दूध अपने डाइट में जरूर शामिल करें।

वजन को करे कम : शरीर के बढ़ते वजन को कम करने में भी दूध आपके लिए प्रभावी हो सकता है। दरअसल, दूध में भरपूर रूप से प्रोटीन मौजूद होता है, जो वजन को घटाने और नियंत्रित करने में आपकी मदद करता है। रोजाना एक गिलास दूध पीने से बार-बार खाने की इच्छा कम होती है। ऐसे आपके शरीर का वजन नियंत्रित हो सकता है। 

हार्ट को रखे स्वस्थ : दिल से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में दूध लाभकारी होता है। खासतौर पर अगर आप लो फैट मिल्क का सेवन रोजाना करते हैं, तो यह हृदय रोगों के जोखिमों को कम करने में प्रभावी है। 

डायबिटीज से करे बचाव : रोजाना 1 गिलास दूध पीने से डायबिटीज के खतरे से बचा जा सकता है। दरअसल, दूध में मैग्नीशियम, कैल्शियम और पेप्टाइड्स होता है, जो आपके शरीर में ग्लूकोज टोलरेंस और इंसुलिन सेंसटिविटी को कंट्रोल कर सकता है। दूध का सेवन करने से इसमें मौजूद फैटी एसिड टाइप-2 डायबिटीज के खतरे को कम कर सकता है। 

पेट संबधी समस्याओं के लिए लाभकारी : पेट की समस्याओं को दूर करने के लिए भी दूध काफी फायदेमंद होता है। यह अपच और एसिडिटी को दूर करने में प्रभावी है। दरअसल, दूध में एन्टासिड प्रभाव होता है, जो अपच और एसिडिटी से राहत दिलाने में प्रभावी है। अगर आप पेट की समस्या से जूझ रहे हैं, तो गर्म दूध के बजाय ठंडे दूध का सेवन करें। इससे एसिडिटी से राहत मिल सकती है। 

इसके अलावा दूध के कई अन्य फायदे हैं, जैसे- ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करे, स्किन को साफ करने में प्रभावी, स्ट्रेस और डिप्रेशन से राहत इत्यादि।

दूध पीने के नुकसान : दूध स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होने के साथ-साथ कुछ लोगों के लिए नुकसानदेय भी हो  सकता है। जैसे- 

लैक्टोज एलर्जी - दूध में लैक्टोज होता है, जो कुछ लोगों को पाचन से जुड़ी परेशानी उत्पन्न कर सकता है। खासतौर पर जिन लोगों को लैक्टोज से एलर्जी की परेशानी होती है, उन्हें इस तरह की समस्याएं होने की संभावना ज्यादा होती है। 

इम्यून प्रभावित - दूध से एलर्जी की परेशानी होने पर कुछ लोगों का इम्यून सिस्टम भी प्रभावित हो सकता है। 

दिन में तीन गिलास से अधिक दूध का सेवन न करेँ। इससे सेहत को कई अन्य समस्याएं जैसे- अपच, गैस, आलस इत्यादि की समस्या हो सकती हैं। 

दूध स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है। लेकिन ध्यान रखें कि एक दिन में 3 गिलास से अधिक दूध का सेवन न करें। इससे स्वास्थ्य को नुकसान जैसे- अपच, गैस, आलस, इत्यादि की परेशानी हो सकती है। 




Comments