शरद पूर्णिमा यानी वह दिन जो पौराणिक मान्यताओं में मां लक्ष्मी का जन्मदिन माना गया है। कहते हैं कि इस दिन समुद्र मंथन करते वक्त मां लक्ष्मी की उत्पत्ति क्षीर सागर से हुई थी। इसलिए मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए शरद पूर्णिमा की रात को सबसे विशेष माना जाता है। इसे शास्त्रों में मां लक्ष्मी का प्राकट्य दिवस माना गया है। ऐसा भी माना गया है कि शरद पूर्णिमा की रात को को मां लक्ष्मी अपने वाहन उल्लू पर सवार होकर धरती पर विचरण करने आती हैं और यह देखती हैं कि कौन-कौन भक्त उनकी पूजा कर रहे हैं। इसलिए इस रात को कोजागरी रात भी कहा गया है। इस बार 19 अक्टूबर यानी मंगलवार को कोजागरी पूर्णिमा है। इस दिन मां लक्ष्मी के साथ ही विष्णुजी की पूजा का भी विधान माना गया है।
मां लक्ष्मी को प्रिय हैं ये वस्तुएं : मान्यता है कि शरद पूर्णिमा पर मां लक्ष्मी की पूजा में उनकी प्रिय वस्तुओं को जरूर शामिल करना चाहिए। इन वस्तुओं में मखाना, सिंघाड़ा, सफेद कौड़ी, कमल का फूल, पान के पत्ते, सुपारी और इलायची उनकी पूजा में जरूर शामिल करनी चाहिए। कहते हैं कि इस दिन मां लक्ष्मी को पान चढ़ाने के हम सभी को मीठा पान खाना भी चाहिए। आइए आपको बताते हैं शरद पूर्णिमा पर किए जाने वाले धन वृद्धि के ऐसे उपाय जो आपके घर में धन वर्षा करा देंगे।
इस तरह करें मां लक्ष्मी की पूजा : शरद पूर्णिमा के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान कर लें। लकड़ी की चौकी पर लाल कपड़ा बिछाएं और उसके ऊपर गंगाजल छिड़ककर मां लक्ष्मी की पूजा करें। शरद पूर्णिमा के दिन कनकधारा स्त्रोत का पाठ करना सबसे शुभ माना गया है। इसके अलावा शरद पूर्णिमा पर मां लक्ष्मी की पूजा में लक्ष्मी स्त्रोत का पाठ भी जरूर करें। मान्यता है कि इस दिन पूरी श्रद्धा भाव से मां लक्ष्मी का स्मरण करने से वह आपकी प्रार्थना सुन लेती हैं और आपकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।
मां लक्ष्मी की प्रिय वस्तुओं में से एक मानी जाती हैं सफेद कौड़ियां। कहते हैं शरद पूर्णिमा की रात को सफेद कौड़ियों को खेल मां लक्ष्मी को सबसे ज्यादा पसंद आता है। इसलिए ऐसा कहा जाता है कि शुभ शगुन करने के लिए शरद पूर्णिमा की रात को सफेद कौड़ियों से अवश्य खेलना चाहिए।
पान का उपाय : मां लक्ष्मी को पान बेहद प्रिय हैं, इसलिए उनकी पूजा में पान का पत्ता जरूर रखा जाता है। शरद पूर्णिमा के दिन मां लक्ष्मी की पूजा में पान जरूर रखें और बाद में यह पान प्रसाद के रूप में घर के सभी लोगों के बीच में बांट दें। मान्यता है कि पान का यह उपाय आपका घर धन से भर देता है।
केसर की खीर का भोग : मान्यता है कि शरद पूर्णिमा की रात को अमृत वर्षा होती है। इसलिए रात को कुछ घंटों के लिए चंद्रमा की रोशनी में केसर की खीर का रखें। रात को कुछ घंटे चांद की रोशनी में खीर को रखने के बाद रात में उसे उठा लें और मां लक्ष्मी को सबसे पहले अर्पित करें और उसके बाद प्रसाद के रूप में पूरे परिवार के सदस्यों के बीच में बांट दें।
अष्ट लक्ष्मी का पूजन : शरद पूर्णिमा पर अष्ट लक्ष्मी का पूजन बेहद शुभ फल प्रदान करने वाला माना गया है। इसके लिए आप सुपारी का एक बेहद साधारण मगर असरदार उपाय आजमा सकते हैं। आपको करना यह है कि एक सुपारी को कलावे से लपेटकर उसे मां अष्ट लक्ष्मी को अर्पित करें और उसके बाद इस सुपारी को अपने धन के स्थान में रख दें। ऐसा करने से आपकी तिजोरी कभी खाली नहीं होगी।
साभार-नवभारत टाइम्स
0 Comments