बलिया: बैरिया तहसील के ग्राम उदईछपरा में बाढ़ के बाद लोगों के सड़क किनारे प्लास्टिक की छत डालकर रहने, मदद न मिलने व खाद्यान्न सामग्री के सम्बन्ध में सोशल मीडिया पर प्रचारित शिकायत को गम्भीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अदिति सिंह ने इसकी जांच उप जिलाधिकारी, बैरिया से करायी। जांच में यह पाया गया कि राजस्व ग्राम गोपालपुर में कुल 5 मजरे गोपालपुर, दूबेछपरा, उदईछपरा, प्रसाद छपरा व आलम राय का टोला है। गंगा नदी की बाढ़ के दौरान उदईछपरा के बाढ़ प्रभावित लोगों को अस्थायी बाढ़ शरणालय लार्ड कृष्णा एकेडमी गोपालपुर में अस्थाई रूप से विस्थापित किया गया था। बाढ़ के दौरान गोपालपुर के मजरा उदईछपरा सहित कुल पांचों मजरों में 19500 पैकेट पका हुआ खाना, 986 खाद्यान्न सामग्री का पैकेट व 291 तिरपाल का वितरण किया गया। इसके अलावा तीन लीटर प्रति परिवार की दर से कुल 4500 लीटर मिट्टी तेल का वितरण एवं मवेशियों हेतु 15 कुन्तल भूसा का वितरण किया गया।
0 Comments