वास्तु शास्त्र : घर में सुख-समृद्धि के लिए कैसे पौधे लगाएं और कैसे नहीं, जानिए

 


वास्तु शास्त्र की मानें तो कुछ पौधे ऐसे होते हैं जिन्हें घर में लगाने से नुकसान होने की संभावना रहती है। तो वहीं कुछ पौधे ऐसे होते हैं जिन्हें लगाने से सुख-समृद्धि आती है।

हर कोई अपने घर में पेड़-पौधे लगाना पसंद करता है। पेड़-पौधे हमारे आस-पास के वातावरण को तो शुद्ध करते ही हैं साथ ही ये सकारात्मक ऊर्जा को भी बढ़ाते हैं। लेकिन ये जरूरी नहीं कि हर पौधा घर के लिए शुभ हो। वास्तु शास्त्र की मानें तो कुछ पौधे ऐसे होते हैं जिन्हें घर में लगाने से नुकसान होने की संभावना रहती है। तो वहीं कुछ पौधे ऐसे होते हैं जिन्हें लगाने से सुख-समृद्धि आती है। यहां आप जानेंगे पेड़-पौधों को लेकर क्या कहता है वास्तु शास्त्र।

वास्तु अनुसार घर में लगाए जाने वाले पौधे :

-वास्तु अनुसार घर में तुलसी का पौधा लगाने से वास्तु दोष खत्म होने के साथ सुख-समृद्धि भी आती है। इसे लगाने के लिए सबसे उत्तम दिशा उत्तर, उत्तर-पूर्व या पूर्व दिशा मानी गई है।

-घर में मनी प्लांट का पौधा लगाना भी शुभ माना जाता है। इस पौधे को लगाने की सही दिशा दक्षिण पूर्व या उत्तर दिशा मानी गई है। इसे लगाने से घर में लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है।

-घर में हल्दी का पौधा लगाने से नेगेटिव एनर्जी दूर रहती है। साथ ही घर में समृद्धि आती है।
-घर में कृष्णकांता की बेल लगाने से आर्थिक समस्याएं दूर होने की मान्यता है। इस बेल पर नीले रंग के फूल आते हैं। इसे मां लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है।

-घर में क्रसुला ओवाटा का पौधा लगाना भी शुभ माना जाता है। मान्यता है ये पौधा धन को आकर्षित करता है। इस पौधे को जेड प्लांट, फ्रेंडशिप ट्री, लकी प्लांट इत्यादि नामों से भी जाना जाता है।

-लक्ष्मणा का पौधा भी धन को आकर्षित करने में सक्षम माना जाता है। कहते हैं जहां ये पौधा होता है वहां धन की कभी कमी नहीं होती।

-वास्तु अनुसार जिस घर में हरसिंगार का पौधा होता है वहां हमेशा शांति और समृद्धि बनी रहती है।

वास्तु अनुसार घर में नहीं लगाने चाहिए ऐसे पौधे :

-वास्तु शास्त्र अनुसार घर में सूखे और कांटेदार पौधे नहीं लगाने चाहिए। कहते हैं इससे धन हानि होने की संभावना रहती है। साथ ही वास्तु दोष भी उत्पन्न होता है।

-वास्तु शास्त्र अनुसार घर में पीपल का पेड़ होना भी अशुभ माना जाता है। इस पौधे को घर में लगाने से धन हानि होती है

-घर में ऐसे पौधे भी नहीं लगाने चाहिए जिनमें दूध जैसा द्रव निकलता हो।


-घर में गूलर और नींबू का पेड़ भी नहीं लगाना चाहिए।

-घर में कैक्टस का पौधा लगाना भी अशुभ माना जाता है। इससे आर्थिक परेशानियां आती हैं।





Comments