नवागत डीआरएम श्री रामाश्रय पाण्डेय ने मंडल चिकित्सालय, वाराणसी का किया निरीक्षण




वाराणसी, 11अगस्त 2021; पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मण्डल के नवागत मण्डल रेल प्रबन्धक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने आज 11 अगस्त, 2021 को मंडल चिकित्सालय, वाराणसी का गहन निरीक्षण कर चिकित्सालय में मिलने वाली सुख-सुविधाओं का  संज्ञान लिया और उपलब्ध संसाधनों की कार्य प्रणाली देखी। इस दौरान उन्होंने चिकित्सालय में नवस्थापित 250 लीटर प्रति मिनट क्षमता ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट और ऑक्सीजन सिलेण्डरों के स्टोरेज के साथ-साथ कोविड केयर वार्ड एवं पीडीएट्रिक कोविड वार्ड के बेडो तक ऑक्सीजन सप्लाई व्यवस्था का गहन निरिक्षण किया। इसके साथ ही मंडल रेल प्रबंधक ने अस्पताल में भर्ती होकर इलाज करा रहे मरीजों का हाल जाना और सम्बंधित चिकत्सकों से उनके उपचार सम्बन्धी जानकारी ली। 

इस दौरान श्री पाण्डेय ने  मंडल चिकित्सालय में कोविड-19 महामारी  की  संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर तैयारियों का जायजा लिया जिसमें 08 बेड का पीडीएट्रिक आई सी यू, पाइप ऑक्सीजन, बाईपैप मशीन एवं कार्डियेक मानीटर की क्रियाशीलता परखी। उन्होंने संसाधनों से युक्त इमरजेन्सी वार्ड  के 06 बेड एवं आई.सी.यू. के 04 बेडो को आवश्यकता पड़ने पर पीडियाट्रिक्स आई.सी.यू. के रूप में इस्तेमाल किये जाने हेतु लिए तैयार रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा० महेन्द्र सिंह नबियाल द्वारा मंडल चिकित्सालय द्वारा प्रदत्त चिकित्सकीय सुविधाओं एवं संक्रामक रोगियों के इलाज एवं उनके फालोअप के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) श्री ज्ञानेश त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा० एम. एस. नबियाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा०आर.आर.सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) श्री राकेश रंजन एवं वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डा० नीरज कुमार समेत मंडल चिकित्सालय के चिकित्साधिकारी, कर्मचारी  एवं  पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित थे।

*अशोक कुमार*

जनसम्पर्क अधिकारी, वाराणसी। 



Comments