बलिया : बाढ़ निगरानी समिति कराएगी प्रभावित परिवारों की समस्या का समाधान

बलिया: बाढ़ प्रभावित कई गांवों में पानी घुस जाने के बाद राहत एवं बचाव कार्य की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है। जिलाधिकारी अदिति सिंह के निर्देश पर पंचायती राज विभाग के माध्यम से हर गांव में बाढ़ निगरानी समिति का गठन किया गया है। फिलहाल बैरिया व सदर तहसील क्षेत्र के 86 गांवों में गठित यह समिति बाढ़ प्रभावित परिवारों की लगातार निगरानी करेगी। उनको किसी प्रकार की जरूरत या दिक्कत होने पर उसका समाधान स्वय या बीडीओ या ब्लॉक व जिला स्तर पर संचालित कंट्रोल रूम के माध्यम से कराएगी। यह समिति अपने गांव में हर जरूरतमंदों को राहत सामग्री पहुंचाने में भी मदद करेगी। इसके अलावा विकास खंड स्तर पर भी कट्रोल रूप संचालित हो गया है, जहां मिली सूचना पर तत्काल रिस्पांस मिलेगा। अगर वहां से समस्या का समाधान नहीं होता है तो जिला स्तर पर संचालित कंट्रोल रूम से सम्पर्क कर समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।

   
बाढ़ चौकी व आश्रय स्थलों पर 10—10 अस्थाई शौचालय

सभी एडीओ पंचायत अपने ब्लॉक के अन्तर्गत बाढ़ चैकियों या आश्रय स्थलों पर प्रभावित परिवार के लिए अस्थायी शौचालय, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई आदि की व्यवस्था का निरन्तर अनुश्रवण कर रहे हैं। जिले की समस्त 34 बाढ़ चैकियों एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ पीड़ितों के लिए स्थापित अस्थायी आश्रय स्थलों पर 10-10 अस्थायी शौचालयों का निर्माण सम्बन्धित ग्राम पंचायतों के माध्यम से करा लिया गया है। वहां 15-15 की संख्या में सफाई कर्मचारियों की रोस्टरवार ड्यूटी लगायी गयी है। इनके माध्यम से बाढ़ से जुड़ी हर प्रतिकूल स्थिति की जानकारी बीडीओ या एडीओ पंचायत को मिल रही है। साथ ही आस-पास की ग्राम पंचायतों में डुग्गी आदि के माध्यम से आम जनमानस को बाढ़ की आशंका से अवगत कराया जा रहा है।





Post a Comment

0 Comments