वास्तु शास्त्र अनुसार घर में इन 4 पौधों को लगाने से आती है सुख-समृद्धि, रोग और कर्ज से भी मिलती है मुक्ति

 


वास्तुशास्त्र : मान्यताओं अनुसार इन पौधों को घर में लगाने से खुशहाली का माहौल बना रहता है और मां लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

आजकल अधिकतर लोग अपने घरों में पेड़-पौधे रखते हैं। इससे वातावरण तो शुद्ध होता ही है साथ ही घर में सकारात्मक ऊर्जा भी आती है। वास्तु शास्त्र अनुसार कुछ पौधे ऐसे होते हैं जिन्हें घर में लगाने से सारी टेंशन दूर हो जाती हैं। इन पौधों से घर में खुशहाली का माहौल बना रहता है। मां लक्ष्मी की विशेष कृपा बनने के साथ-साथ कर्ज और रोग से भी छुटकारा मिल जाता है। जानिए सुख-समृद्धि के लिए कौन से 4 पौधे सबसे ज्यादा लाभकारी माने जाते हैं।

तुलसी : अधिकतर लोग इस पौधे को अपने घरों में लगाते हैं। हिंदू धर्म में इस पौधे को पूजनीय माना जाता है। वास्तु शास्त्र अनुसार इस पौधे के घर में लगाने से निगेटिव एनर्जी दूर चली जाती है। लेकिन इस पौधे के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है। ध्यान रखें कि इस पौधे को पूर्वोत्तर या उत्तर दिशा में लगाना चाहिए। घर के आंगन में इस पौधे को रख सकते हैं। इस पौधे के आस-पास कभी भी कांटेदार पौधें न लगाएं। तुलसी के पौधे पर शाम के समय दीपक भी जरूर जलाना चाहिए। मान्यता है ऐसा करने से मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। इस पौधे के आस-पास साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए।

मनीप्लांट : वास्तु अनुसार ये पौधा भी बहुत शुभ माना जाता है। कहते हैं इसे घर में लगाने से आर्थिक तंगी दूर हो जाती है। ये पौधा जितना हरा-भरा रहता है उतना ही अच्छा होता है। इसे मां लक्ष्मी का रूप माना जाता है। इसे हमेशा घर की दक्षिण-पूर्व दिशा में रखना चाहिए। 

शमी का पौधा : ये पौधा शनि देव का प्रिय माना जाता है। वास्तु अनुसार इस पौधे को मुख्य द्वार के बाई तरफ लगाना चाहिए और इसके आगे शाम के समय दीपक भी जलाना चाहिए। कहते हैं इस पौधे को लगाने से कर्ज से मुक्ति मिलने के साथ रोगों से भी छुटकारा मिल जाता है। ये पौधा घर-परिवार में सुख-समृद्धि लाने का कारक माना जाता है। 

बांस का पौधा : वास्तु अनुसार घर में बांस का पौधा लगाना भी काफी शुभ माना जाता है। ये दुर्भाग्य दूर करता है और सौभाग्य में वृद्धि करता है। ये पौधा घर में होने से धन-धान्य में वृद्धि होने की मान्यता है।












Comments