अंग्रेजी विषय में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सी.एम.एस. छात्र को प्रथम रैंक


लखनऊ, 12 जुलाई। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, राजाजीपुरम (प्रथम कैम्पस) के कक्षा-4 के मेधावी छात्र अभिराज प्रताप सिंह ने इण्टरनेशनल बेन्चमार्क टेस्ट (आई.बी.टी.) के अन्तर्गत अंग्रेजी विषय में आयोजित प्रतियोगिता में 100 परसेन्टाइल के साथ विश्व में प्रथम रैंक अर्जित कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि यह प्रतियोगिता आस्ट्रेलियन काउन्सिल फॉर  एजुकेशनल रिसर्च (ए.सी.ई.आर.) के तत्वावधान में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित हुई, जिसमें कई देशों के छात्रों ने प्रतिभाग किया। इसके साथ ही, देश भर के कई प्रतिष्ठित विद्यालयों के हजारों छात्रों ने प्रतिभाग कर अपने इंग्लिश ज्ञान का प्रदर्शन किया, जिसमें सी.एम.एस. राजाजीपुरम (प्रथम कैम्पस) के इस प्रतिभाशाली छात्र ने पूरे 100 प्रतिशत अंक अर्जित किये हैं। इस उपलब्धि हेतु विद्यालय के संस्थापक डा. जगदीश गाँधी ने इस मेधावी छात्र व उनके शिक्षकों को बधाई दी है।

श्री शर्मा ने बताया कि आस्ट्रेलियन काउन्सिल फॉर  एजुकेशनल रिसर्च (ए.सी.ई.आर.) अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर छात्रों की प्रतिभा का आकलन करता है एवं आई.बी.टी. टेस्ट किसी भी देश के पाठ्यक्रम के बजाय मूलतः छात्रों की प्रतिभा व कौशल पर आधारित होते हैं। सी.एम.एस. का लगातार यही प्रयास है कि विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों की बहुमुखी प्रतिभा को निखारा एवं प्रोत्साहित किया जाए। यही कारण है कि सी.एम.एस. छात्र समय-समय पर विभिन्न राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कीर्तिमान स्थापित कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

(हरि ओम शर्मा)

मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी

सिटी मोन्टेसरी स्कूल, लखनऊ। 



Comments