महिला को बंधक बनाकर 8 दिन तक सामूहिक दुष्कर्म, 4 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज


नई दिल्ली। अपहरण करने के बाद बंधक बनाते हुए महिलाओं से दुराचार के मामले कम नहीं हो रहे हैं। अनुसूचित जाति की महिला का अपहरण करने के बाद चार आरोपियों द्वारा 8 दिन तक उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया। महिला के दोस्त ने धोखे से बुलाकर अपने साथियों की मदद से उसका अपहरण कर लिया था।

हरियाणा के गुरुग्राम जिले के सोहना इलाके में अनुसूचित जाति की महिला के एक दोस्त ने उसे धोखे से बुलाया और अपने साथियों की मदद से उसका अपहरण कर लिया। नशीला पदार्थ पिलाकर आरोपियों ने अपहृत की गई महिला को बेहोश कर दिया। आरोप है कि बाद में रोजाना शाम को बेसुध करने के लिए आरोपी महिला को नशे का इंजेक्शन लगा देते थे। सदर थाना पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने के तहत मुकदमा दर्ज किया है। 

पुलिस ने महिला की चिकित्सीय जांच कराने के बाद अदालत में उसका 164 का बयान दर्ज कराया है। सोहना इलाके की रहने वाली महिला को 29 जून की शाम को उसका दोस्त चिंटू मिला था। दूसरे दिन चिंटू ने महिला को सवेरे 5.00 बजे मंदिर के पास बुलाया। दिन निकलने पर जब महिला मंदिर के पास पहुंची तो पहले से निर्धारित प्लान के अनुसार 5 मिनट बाद ही एक सफेद रंग की कार वहां आकर रुकी। उसमें चिंटू अपने दोस्तों के साथ बैठा हुआ था। महिला के कार में बैठते ही चिंटू और उसके दोस्त दीपक, कुलदीप व संजू ने महिला को पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ पिला दिया। जिससे उसे कुछ याद नहीं रहा। चारों उसे एक कमरे में ले गए। यहां 8 दिन तक उसे बंधक बनाकर रखा गया। आरोपी रोज उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देते है।

8 दिन बाद आरोपी उसके कपड़े बदलकर बल्लभगढ़ छोड़ गए। जिसके बाद उसने अपने देवर को फोन करके मामले की जानकारी दी। कुछ देर बाद ही पति उसे लेने के लिए पहुंचा और अपने घर ले आया। 2 दिन तक महिला का स्वास्थ्य ठीक नहीं रहा। जिसके चलते तीसरे दिन वह थाने पहुंची। जहां पर पुलिस ने पूरी बात सुनने के बाद महिला पुलिस की मौजूदगी में उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया। मेडिकल में महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि हुई है। बाद में पुलिस ने मजिस्ट्रेट के सामने महिला के बयान दर्ज कराए। थाना प्रभारी सोहना के के मुताबिक मामला दर्ज होने के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Comments