महाप्रबन्धक श्री विनय कुमार त्रिपाठी ने तीनों मंडल के मंडल रेल प्रबन्धकों के साथ की वर्चुअल समीक्षा बैठक

 


गोरखपुर 29, जून, 2021: पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबन्धक श्री विनय कुमार त्रिपाठी ने 29 जून, 2021 को सभी विभागाध्यक्षों तथा तीनों मंडल के मंडल रेल प्रबन्धकों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की। 

अपने सम्बोधन में महाप्रबन्धक श्री त्रिपाठी ने यात्रियों की संरक्षा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि संरक्षा से जुड़े रेलकर्मियों का ज्ञानवर्धन एवं साक्षात्कार नियमित प्रक्रिया के रूप में सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि ट्रेन संचलन से संबंधित रेलकर्मियों को नियमित अन्तराल पर प्रशिक्षित किया जाना नितान्त आवश्यक है। श्री त्रिपाठी ने निर्देश दिया कि संरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य जैसे- मानसून के दौरान अपनाये जाने वाली सावधानियों का हर स्तर पर शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाये। उन्होंने समपारों के इंटरलाकिंग कार्य को भी शीघ्रतापूर्वक पूरा किये जाने का निर्देष दिया।

महाप्रबन्धक श्री त्रिपाठी ने कहा कि यात्रियों के मांग के अनुरूप अतिरिक्त मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के संचलन की योजना बनाकर इसे क्रियान्वित किया जाये। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे पर अनेक महत्वपूर्ण ट्रेनें एल.एच.बी. रेक से चलाई जा रही है जिससे यात्रियों को उत्कृष्ट यात्रा सुविधा मिल रही है तथा आने वाले समय में और भी ट्रेनें एल.एच.बी.रेक से ही चलाई जायेगी। श्री त्रिपाठी ने कहा कि अभी जो महत्वपूर्ण ट्रेनें कन्वेशनल आई.सी.एफ. रेक से चलायी जा रही है, उन्हें एल.एच.बी. रेक की उपलब्धता होने पर प्राथमिकता दी जाये।

श्री त्रिपाठी ने मुख्यालय एवं मंडलों में लगाये जाने वाले आक्सीजन प्लांटों को स्थापित करने की प्रक्रिया को तेज गति से पूर्ण करने का निर्देष दिया। उन्होंने कहा कि अनुकम्पा के आधार पर सभी मामलों का तेजी से निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाय।



Post a Comment

0 Comments