गोरखपुर : रेलवे सुरक्षा बल के नव आरक्षी प्रशिक्षुओं के 44वें बैच का आयोजित हुआ दीक्षांत परेड समारोह



गोरखपुर 25, जून, 2021: द्वितीय वाहिनी रेलवे सुरक्षा बल प्रशिक्षण केन्द्र, रजही कैम्प, गोरखपुर में 25 जून, 2021 को प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सह महानिरीक्षक/रेलवे सुरक्षा बल श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव के मुख्य आतिथ्य में आरक्षी प्रशिक्षुओं के 44वें बैच का दीक्षांत परेड समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा परेड के निरीक्षण के उपरान्त राष्ट्रगान तथा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी से समारोह का शुभारम्भ हुआ। इस अवसर पर मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री रफीक अहमद अंसारी, रेलवे सुरक्षा विशेष बल के कमान अधिकारी श्री अनिरूद्ध चौधरी, सैन्य सहायक श्री अग्रसेन सिंह, सहायक कमाण्डेंट श्री रामकिशोर शर्मा, पूर्वोत्तर रेलवे सुरक्षा बल तथा रेलवे सुरक्षा विशेष बल के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य बलकर्मी उपस्थित थे। 

आरक्षी प्रशिक्षुओं द्वारा शपथ ग्रहण के उपरान्त मुख्य अतिथि एवं प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सह महानिरीक्षक श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव ने समारोह को सम्बोधित करते हुए दीक्षान्त परेड में शामिल नव आरक्षियों को रेल परिवार का हिस्सा बनने के लिए बधाई दी तथा कहा कि रेलवे के समक्ष आ रही चुनौतियों का दृढ़तापूर्वक मुकाबला करने की जिम्मेदारी आपकी है। आप सच्ची श्रद्धा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ देश सेवाभाव से रेल सम्पत्ति तथा यात्रियों की सुरक्षा के लिये कृत संकल्प रहें। 

इस अवसर पर श्री हरिशंकर द्विवेदी, प्रधानाचार्य/रेलवे सुरक्षा विशेष बल प्रशिक्षण केन्द्र ने आरक्षी प्रशिक्षुओं को शपथ ग्रहण कराया। श्री द्विवेदी ने अपने स्वागत सम्बोधन में बल का परिचय देते हुये उनके उत्तरदायित्वों व उद्देश्य से सभी को अवगत कराया तथा मुख्य अतिथि को भरोसा दिलाया कि नव आरक्षी जिनकी प्रशिक्षण के दौरान कानून, रेलवे की कार्यप्रणाली, रेलवे की सुरक्षा आदि विषयों के साथ-साथ इनके हौसले और शरीर को मजबूत बनाने हेतु पी.टी.परेड, योगा, वैपन हैण्डलिंग तथा आधुनिक स्वचालित हथियारों से फायर करना सिखाया गया है जो रेल सम्पत्ति की सुरक्षा एवं रेलयात्रियों के जानमाल की सुरक्षा के लिये मददगार होगा। उन्होंने प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 

इस अवसर पर अन्तरंग एवं बहिरंग सहित सभी विषयों के प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षी प्रशिक्षु श्री मनोज प्रसाद यादव को अंतरंग विषय हेतु, दीपक सिंह को बहिरंग विषय हेतु तथा शकील अख्तर को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु हेतु मेडल एवं प्रशस्तिपत्र प्रदान कर प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री श्रीवास्तव ने सम्मानित किया। 

धन्यवाद ज्ञापन श्री अनिरूद्ध प्रसाद, कमान अधिकारी, द्वितीय वाहिनी रेलवे सुरक्षा विशेष बल ने किया। 

(पंकज कुमार सिंह)

मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी                                                      सम्पादक/ब्यूरोप्रमुख,गोरखपुर।

     


                                                  



Post a Comment

0 Comments