अमेरिकन सैट परीक्षा में सी.एम.एस. छात्र का उत्कृष्ट प्रदर्शन,1600 में से 1460 अंक अर्जित कर बनाया कीर्तिमान

लखनऊ, 27 अप्रैल। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) के कक्षा-12 के प्रतिभाशाली छात्र यश केसरवानी ने अमेरिकन सैट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में यश ने 1600 में से 1460 अंक अर्जित कर अपने मेधात्व का परचम लहराया है। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि अमेरिकन सैट परीक्षा मार्च 2021 में आयोजित की गई थी, जिसमें सी.एम.एस. के इस मेधावी छात्र ने गणित में 800 में से 790 अंक एवं एविडेन्स बेस्ड रीडिंग एण्ड राइटिंग में 800 में से 670 अंक अर्जित किये हैं। इस प्रकार यश केसरवानी ने कुल 1600 अंकों में से 1460 अंक अर्जित कर अपने ज्ञान का परचम लहराया है। यश ने अपनी इस अभूतपूर्व सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों को दिया है, जिन्होंने सैट परीक्षा की तैयारी में हर प्रकार से मार्गदर्शन दिया। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा जगदीश गाँधी ने सी.एम.एस. छात्र की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है, साथ ही विद्यालय के शिक्षकों का आभार व्यक्त किया जिनकी मेहनत व लगन की बदौलत सी.एम.एस. छात्र शैक्षणिक क्षेत्र में नित नये कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। विदित हो कि सैट परीक्षा अमेरिका के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं कालेजों में दाखिले के लिए एक मानक है जिसमें दुनिया भर से लगभग 1.7 करोड़ छात्र-छात्राएं प्रतिवर्ष सम्मिलित होते हैं।

श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. छात्रों के दृष्टिकोण व्यापक बनाने व उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु सदैव प्रयासरत है और इसी कड़ी में छात्रों को विदेशों में उच्चशिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान कर रहा है।  उत्तर प्रदेश में सी.एम.एस. ही एकमात्र एस.ए.टी. (सैट) एवं एडवान्स प्लेसमेन्ट (ए.पी.) टेस्ट सेन्टर है, जिसके माध्यम से प्रदेश भर के छात्र विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं एवं छात्रवृत्ति प्राप्त कर सकते हैं। श्री शर्मा ने बताया कि प्रतिवर्ष सी.एम.एस. के 100 से अधिक मेधावी छात्र विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में उच्चशिक्षा हेतु चयनित होते हैं। इस वर्ष अभी तक सी.एम.एस. के 50 से अधिक छात्र अमेरिका, इंग्लैण्ड, कैनडा, आस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर, जर्मनी आदि विभिन्न देशों के ख्यातिप्राप्त विश्वविद्यालयों में स्काॅलरशिप के साथ चयनित हो चुके है।

(हरि ओम शर्मा)

मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी

सिटी मोन्टेसरी स्कूल, लखनऊ। 



Comments