रेप पीड़िता को पेड़ से बांधा, भारत माता की जय के नारे के बीच करवाई परेड

पीड़िता ने अपने परिवारजनों के खिलाफ मारपीट, बंधक बनाने, अपमानजनक व्यवहार और जान से मारने की कोशिश का मामला दर्ज कराया है।

मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। अलीराजपुर में रेप पीड़िता लड़की को रस्सी से बांध कर पीटा गया। इतना ही नहीं रेप पीड़िता और आरोपी को एक साथ बांध कर पूरे गांव में उनका परेड निकाला गया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने भारत माता की जय के नारे भी लगाए. कहा जा रहा है कि इसमें पीड़िता का परिवार भी शामिल था। अलीराजपुर पुलिस ने इस मामले में रेप के आरोपी और पीड़िता के परिवारवालों पर एफआईआर दर्ज किया है।

यह मामला अलीराजपुर के जोबट थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार पीड़िता और आरोपी की मुलाकात गुजरात में हुई थे, जहां ये साथ काम करते थे। 21 वर्षीय आरोपी शादीशुदा भी है। बीते शनिवार को आरोपी नाबालिग पीड़िता से मिलने उसके गांव आया था। जहां गांव के लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने पहले तो पीड़िता और अभियुक्त दोनों को बांध कर पीटा। फिर दोनों को एक ही रस्सी में बांधकर उनका जुलूस निकाला गया। इस दौरान साथ चल रहे लोगों ने भारत माता की जय के नारे भी लगाए। वहां मौजूद किसी शख्स ने घटना का वीडियो बना लिया जो बाद में काफी वायरल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही अलीराजपुर जिले के एसपी विजय भागवानी, एएसपी बिट्टू सहगल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पीड़िता से रेप और मारपीट के मामले में दो एफआईआर दर्ज किया है। पुलिस ने पहला एफआईआर 21 वर्षीय आरोपी पर किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 376 और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वहीं पुलिस ने दूसरा एफआईआर पीड़िता के परिवारवालों और रिश्तेदार के खिलाफ किया है। पीड़िता ने अपने परिवारजनों के खिलाफ मारपीट, बंधक बनाने, अपमानजनक व्यवहार और जान से मारने की कोशिश का मामला दर्ज कराया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने इस मामले में रेप के आरोपी सहित सभी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पीड़िता के परिवार के पांच लोग भी शामिल हैं। 




Comments