यूपी पंचायत चुनाव : ग्राम प्रधान इलेक्शन में जीत के लिए बीजेपी ने बदली रणनीति, जानिए अब पार्टी क्या करेगी नया


यूपी में में होने वाले पंचायत चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के लिए प्रदेश भाजपा ने वृहद रणनीति बनाई है। पार्टी पदाधिकारी पंचायतों में चौपाल लगाएंगे। इन चौपालों के माध्यम से ग्रामीणों के बीच केंद्र सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं के साथ ही प्रदेश सरकार की चार साल की उपलब्धियों को रखेंगे। तय किया गया है कि हर बूथ को पार्टी का अभेद दुर्ग बनाया जाएगा, ताकि हर चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित रहे। 

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह की उपस्थिति में प्रदेश भाजपा कार्यालय पर शुक्रवार को आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने की। बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। क्षेत्रीय अध्यक्षों को भी बैठक में बुलाया गया था।

बूथ स्तर पर सभी वर्गों को जोड़ेगी भाजपा

बैठक के दौरान बूथ को केंद्रित कर पार्टी द्वारा चलाए जाने वाले अभियानों व कार्यक्रमों की योजना रचना पर चर्चा की गई। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने कहा कि बूथ को केन्द्रित करते हुए पार्टी द्वारा चलाए जाने वाले अभियानों व कार्यक्रमों की योजना रचना तैयार की जाए। प्रत्येक बूथ पर पार्टी संगठन की मजबूती के लिए समाज के सभी वर्गों को जोड़ते हुए बूथ को पार्टी का अभेद्य दुर्ग बनाना होगा। बूथों पर मजबूत पार्टी संगठन खड़ा करने के बाद हर चुनाव में पार्टी की सफलता तय हो जाएगी। 

प्रदेश सरकार की उपलब्धियां जनता को बताएंगे

पंचायत चुनावों और संगठनात्मक कार्यक्रमों-गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल के पूरा होने पर पार्टी संगठन द्वारा पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करते हुए सरकार की योजनाओं और जनहित में किए गए कार्यों को जनता के बीच ले जाने का निर्णय हुआ। तय किया गया कि पार्टी द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएगीं साथ ही ग्राम चौपालों का आयोजन करते हुए गांव-गांव में पार्टी द्वारा ग्राम सम्पर्क अभियान चलाया जाएगा। 



Comments