वाराणसी 23 नवम्बर, 2020: सुरक्षित, संरक्षित एवं निर्बाध रेल संचलन पूर्वोत्तर रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विगत वर्षों में बड़ी लाइनों में सभी अनारक्षित समपारों को समाप्त कर दिया गया है। अब रेल प्रशासन रक्षित समपारों को भी आर.ओ.बी., आर.यू.बी./एल.एच.एस. का प्रावधान कर तथा बन्द करके रेल संचलन को तीव्र एवं दुर्घटना रहित बनाने की योजना को तेजी से कार्यान्वित कर रहा है।
इसी क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मण्डल के गोरखपुर-देवरिया सदर खण्ड पर चौरीचौरा एवं गौरीबाजार स्टेशनों के मध्य समपार संख्या-145 ई. पर निर्माणाधीन सड़क उपरिगामी पुल पर गर्डर लांचिंग का कार्य 23 नवम्बर, 2020 को सम्पन्न हुआ। मात्र 03 घंटा 15 मिनट की अल्प अवधि में 04 गर्डरों की लांचिंग सफलता पूर्वक की गयी। गर्डर लांचिंग में 450 टन क्षमता वाले रोड क्रेन का उपयोग किया गया तथा कार्य के दौरान एक क्रेन को स्टैण्ड बाई के रूप में रखा गया। लांच किये गये 04 गर्डरों में से प्रत्येक गर्डर की लम्बाई 39.5 मीटर तथा वजन 47 टन है। गर्डर लांचिंग का कार्य उप मुख्य इंजीनियर/निर्माण/पुल श्री एन.के.सिंह एवं कार्यपालक इंजीनियर/निर्माण/पुल श्री राम अवध की देख-रेख में 23 नम्बर, 2020 को प्रातःकाल 02.10 बजे से 05.25 बजे के मध्य सम्पन्न किया गया। उल्लेखनीय है कि गर्डर लांचिंग के कार्य निष्पादन के दौरान मौसम प्रतिकूल था तथा फागी वेदर के साथ ही कार्य स्थल का तापमान 12 डिग्री सेन्टीग्रेट था।
इसी क्रम में उल्लेखनीय है कि गोरखपुर-देवरिया सदर रेल खंड पर सरदारनगर-चौरीचौरा स्टेशनों के मध्य समपार संख्या-149 स्पेशल निर्माणाधीन सड़क उपरिगामी पुल पर गर्डर लांचिंग का कार्य 19 नवम्बर, 2020 को सम्पन्न किया गया है।
अशोक कुमार जनसम्पर्क अधिकारी, वाराणसी।
0 Comments