राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एन.डी.ए.) में सी.एम.एस. के तीन छात्र चयनित, भारतीय सेना में बनेंगे अधिकारी


लखनऊ, 19 अक्टूबर। सिटी मोन्टेसरी स्कूल के तीन मेधावी छात्रों ने अत्यन्त प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एन.डी.ए.) में चयनित होकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। इन तीन छात्रों में सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) के छात्र अंशुमान सिंह एवं पार्थ सिंह एवं सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस के छात्र स्वास्तिश पाण्डेय शामिल है। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना इन छात्रों का सपना रहा है। एन.डी.ए. में चयन हेतु इच्छुक अभ्यर्थियों को चिकित्सा परीक्षण के साथ व्यापक साक्षात्कार का सामना करना पड़ता है, जिसमें सामान्य योग्यता, मनोवैज्ञानिक परीक्षण, टीम कौशल, साथ ही शारीरिक और सामाजिक कौशल परीक्षण शामिल है। इस प्रतिष्ठापूर्ण परीक्षा में चयनित होकर इन तीनों छात्रों ने लखनऊ का नाम राष्ट्रीय पटल पर गौरवान्वित किया है।


श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. के इन मेधावी छात्रों की सफलता एवं सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने के जज्बे पर पूरे सी.एम.एस. परिवार को गर्व है। यह बड़े गर्व की बात है कि सी.एम.एस. के छात्र विभिन्न प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता अर्जित कर सी.एम.एस. का गौरव बढ़ा रहे हैं। श्री शर्मा ने आगे कहा कि सी.एम.एस. अपने छात्रों को उत्कृष्टता की ओर सतत् प्रयासरत रहने को प्रेरित करता है एवं इसी अनुरूप उन्हें भविष्य की चुनौतियों हेतु तैयार करता है। यही कारण है कि सी.एम.एस. छात्र आज विश्व स्तर पर अपनी उपलब्धियों का परचम लहरा रहे हैं। 


Post a Comment

0 Comments