*प्रयागराज।* उत्तर प्रदेश में जूनियर हाई स्कूल के अध्यापकों की नियुक्ति के लिए 22 दिसंबर रविवार को होने वाली अध्यापक पात्रता परीक्षा ( यूपीटीईटी ) को स्थगित कर दिया गया है। राजस्व एवं बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि अपरिहार्य कारणों से उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी ) स्थगित की जाती है।
परीक्षा की नई तिथि की सचूना जल्द से जल्द दी जाएगी। इस परीक्षा में 16 लाख 58 हजार परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा संपन्न कराने के लिए 1986 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
इससे पहले न्यूज एजेंसी पीटीआई पर खबर आई थी कि उत्तर प्रदेश में जूनियर हाई स्कूल के अध्यापकों की नियुक्ति के लिए अध्यापक पात्रता परीक्षा(टीईटी) 22 दिसंबर को अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही दो पालियों में होगी। परीक्षा नियामक सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने पीटीआई भाषा को बताया था कि इस परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 12 दिसंबर से ही डाउनलोड किए जा रहे हैं और लगभग 95 प्रतिशत प्रवेश पत्र डाउनलोड किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया था कि प्रदेश में कई जगह इंटरनेट सेवाएं बंद होने से इस तरह की अफवाह है कि परीक्षा रद्द हो गई लेकिन इसमें कोई सच्चाई नहीं है। परीक्षा अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगी।
0 Comments