प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजारों और मेला स्थलों पर सघन चेकिंग, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील
बलिया। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन एवं दशहरा/विजयादशमी पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने जनपद में लगातार भ्रमणशील रहकर दशहरा मेला तथा मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने थाना रसड़ा क्षेत्र के कस्बे में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त एवं रूट मार्च कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार सहित पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने कस्बा रसड़ा के प्रमुख मार्गों, चौराहों, रामलीला मैदान, बाजारों एवं मेला स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं एवं वाहनों की सघन चेकिंग कराई गई, ताकि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने आमजन से दशहरा एवं विजयादशमी का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था में बाधा डालने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। जिला प्रशासन एवं पुलिस की सक्रियता से पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।




.jpg)

