बलिया में शांति और सौहार्द के साथ मनाएं नवरात्रि-विजयदशमी, डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने की भाईचारा बनाए रखने की अपील


बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने जनपदवासियों को नवरात्रि एवं विजयदशमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी से त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ये पावन पर्व हमें आपसी प्रेम, एकता, समानता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देते हैं। ऐसे में सभी नागरिकों का दायित्व है कि वे मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और जनपद में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखें।

जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान सभी लोग संयम और जिम्मेदारी का परिचय दें तथा किसी भी प्रकार के उपद्रव से दूर रहें। समाज के सभी वर्गों को एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए आपसी सहयोग एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बलिया जनपद की विभिन्न समस्याओं का समाधान सामूहिक प्रयासों, सकारात्मक सोच और जनसहभागिता से ही संभव है। इसके लिए जरूरी है कि सभी जनपदवासी एकजुट होकर विकास की दिशा में अपना योगदान दें।

डीएम ने जनपदवासियों से आह्वान किया कि वे नवरात्रि एवं विजयदशमी के पर्व को उल्लास, शांति और सद्भाव के साथ मनाते हुए उत्तर प्रदेश तथा बलिया जनपद की उन्नति, समृद्धि और खुशहाली के लिए ईश्वर से प्रार्थना करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आपसी एकता, सहयोग और सामूहिक प्रयासों के बल पर बलिया विकास के नए आयाम स्थापित करेगा तथा प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।