बलिया : पुलिस अधीक्षक ने बांसडीह थाने का किया औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश


पैदल गश्त व फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था परखी, अपराध नियंत्रण और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर

बांसडीह (बलिया)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने मंगलवार को थाना बांसडीह का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना भवन, परिसर, मेस, बैरकों, मालखाना, शस्त्रागार और कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, भूमि विवाद, हिस्ट्रीशीटर, महिला उत्पीड़न, हत्या, बलवा, गुमशुदगी और पासपोर्ट सहित विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को अभिलेखों के रखरखाव में पारदर्शिता बरतने और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।


महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एसपी ने महिला हेल्प डेस्क की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि पीड़ित महिलाओं की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उन पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शस्त्रागार एवं मालखाने के निरीक्षण के दौरान सरकारी शस्त्रों के रखरखाव, साफ-सफाई और मुकदमों से संबंधित सामानों के सुरक्षित भंडारण की स्थिति भी परखी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों के प्रति गंभीर रहने तथा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।


थाने के कंप्यूटर एवं सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण करते हुए एसपी ने पंजीकरण, गिरफ्तारी, संपत्ति जब्ती, ऑनलाइन केस डायरी और जनरल डायरी सहित विभिन्न अभिलेखों की ऑनलाइन फीडिंग की जानकारी ली। उन्होंने सभी प्रविष्टियों को समय से पूरा करने और थाने का डाटा नियमित रूप से सिंक कराने का निर्देश दिया। ऑनलाइन आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों का निर्धारित समय में निस्तारण कर जांच आख्या अपलोड करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कोई भी प्रार्थना पत्र डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए। जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण से जनपद की रैंकिंग बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए।


एसपी ने थाना परिसर और कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे क्रियाशील रखने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर अथवा इनवर्टर के माध्यम से कैमरों का संचालन जारी रहना चाहिए। इसके साथ ही गांवों में पुलिस और आमजन के बीच समन्वय मजबूत करने के लिए डिजिटल वालंटियर ग्रुप को अपडेट रखने तथा प्रत्येक गांव से दस-दस संभ्रांत व्यक्तियों को जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने सी-प्लान ऐप में ग्राम प्रधानों की अद्यतन सूची रखने को भी कहा, ताकि किसी घटना या गुमशुदगी की सूचना समय से प्राप्त हो सके।


सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित विवरण आईआरएडी ऐप पर फोटो सहित समय से अपलोड करने तथा डायल-112 पर प्राप्त शिकायतों पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की फीडिंग निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करें।


निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला के साथ बांसडीह कस्बे एवं थाना क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त और फ्लैग मार्च किया। इस दौरान प्रमुख स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस टीम ने आमजन से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर आवश्यक तलाशी भी ली। पुलिस अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्रा, पुलिस अधीक्षक के पीआरओ, प्रभारी निरीक्षक बांसडीह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।