नवागत एसपी की दो टूक : अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस, जनसुनवाई और महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता


डॉ. ईरज राजा ने राजपत्रित अधिकारियों व थाना प्रभारियों के साथ की परिचयात्मक बैठक, समयबद्ध न्यायोचित कार्रवाई के दिए निर्देश

बलिया। जनपद के नवागत पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने जिले की कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने और पुलिसिंग को जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक में उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने, जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कहा कि अपराध और अवैध गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों तथा माफियाओं के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कदम उठाए जाएंगे, ताकि जनपद में शांति और सुरक्षा का वातावरण बना रहे।

उन्होंने जनसुनवाई को पुलिस की प्रमुख जिम्मेदारी बताते हुए निर्देश दिया कि थानों और पुलिस कार्यालय में अपनी शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या गंभीरता से सुनी जाए। शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और न्यायोचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को न्याय पाने के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों में त्वरित कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संवेदनशीलता के साथ प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला एवं बाल सुरक्षा के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

पुलिसिंग में पारदर्शिता और आमजन के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए उन्होंने पुलिस की सक्रियता बढ़ाने तथा पैदल गश्त को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता बताई, ताकि आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करें और पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन बलिया सहित पुलिस कार्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।