मुख्यमंत्री की घोषणा का लाइव प्रसारण, चौकीदारों को मिठाई खिलाकर किया सम्मानित; तस्करी और अपराध की सूचना देने वालों का बढ़ेगा मनोबल
बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली से पूर्व प्रदेश के करीब 60 हजार ग्राम प्रहरियों (ग्राम चौकीदारों) को बड़ी सौगात देते हुए उनके मासिक मानदेय को 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये करने की घोषणा की। मंगलवार, 13 अक्टूबर को बरेली पुलिस लाइंस में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में की गई इस घोषणा से ग्राम प्रहरियों में खुशी की लहर दौड़ गई। मानदेय में एक हजार रुपये प्रतिमाह की वृद्धि से अब उन्हें सालाना 12 हजार रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री की घोषणा के उपलक्ष्य में पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद बलिया में पुलिस लाइन के मीटिंग हॉल सहित जिले के विभिन्न थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। बरेली में आयोजित मुख्य समारोह का डिजिटल माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्राम प्रहरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर ग्राम चौकीदारों को सम्मानित किया गया तथा मिठाई वितरित कर उन्हें मुख्यमंत्री की घोषणा की बधाई दी गई।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने ग्राम प्रहरियों की भूमिका को ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि गांवों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, अपराधों की रोकथाम करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रहरियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके द्वारा समय रहते थानों को दी जाने वाली सटीक सूचनाएं पुलिस के लिए काफी उपयोगी साबित होती हैं। मानदेय में वृद्धि से उनका मनोबल बढ़ेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक ने ग्राम प्रहरियों से अपील की कि वे अपने-अपने गांवों में गौ-तस्करी, शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शस्त्रों के कारोबार तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर सतर्क नजर रखें। ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित थाने को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि इन मामलों में सटीक सूचना देकर पुलिस की मदद करने वाले ग्राम चौकीदारों को सम्मानित भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में बांसडीह की विधायक केतकी सिंह, विधान परिषद सदस्य पप्पू सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन मंजरी राव सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मानदेय वृद्धि की घोषणा को ग्राम प्रहरियों के आर्थिक हितों और ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





.jpg)

